
अस्पताल में मशीन के उद्घाटन मौके पर मौजूद चिकित्सक व अन्य।
Ahmedabad: . शहर के सिविल अस्पताल में अब मूत्र संबंधी जटिल बीमारियों का निदान और भी आसान होगा। अस्पताल में 55 लाख की लागत से अत्याधुनिक यूरोडायनेमिक स्टडी मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन से मूत्राशय और मूत्रनली की कार्यप्रणाली की सटीक जांच संभव होगी, जिससे मरीजों को अनावश्यक दवाओं और सर्जरी से बचाया जा सकेगा। इसका लाभ मरीजों को निशुल्क मिलेगा। अब तक यह जांच निजी अस्पतालों में ही होती थी। सिविल अस्पताल में इसकी सुविधा नहीं थी।
यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डाॅ. श्रेणिक शाह के अनुसार, यह जांच उन मरीजों के लिए वरदान साबित होगी जिन्हें बार-बार पेशाब की समस्या, पेशाब रोक न पाने की परेशानी, दर्द, न्यूरोजेनिक ब्लेडर, प्रोस्टेट की समस्या है। महिलाओं को यूरिन लीकेज, स्पाइनल इंजरी, डायबिटीज और पार्किंसन जैसी बीमारियों से जूझना पड़ता है। निशुल्क जांच होने के कारण महिला और पुरुष दोनों ही तरह के मरीजों को आर्थिक बोझ सहन नहीं करना होगा। यह जांच निजी अस्पतालों में काफी महंगी होती है। सटीक जांच होने पर मरीजों का बेहतर उपचार संभव हो पाएगा
सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी के अनुसार राज्य सरकार के सहयोग से लाई गई इस मशीन की कीमत 55 लाख रुपए है। अब तक यह जांच केवल निजी अस्पतालों में ही उपलब्ध थी, लेकिन अब सिविल अस्पताल में भी यह शुरू होने से आम मरीजों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक जांच और उपचार उपलब्ध कराना सरकार का उद्देश्य है। यह मशीन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ.जोशी ने बताया कि अस्पताल की 1200 बेड वाली इमारत के यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी में हर बुधवार और शनिवार को मरीज इस मशीन से होने वाली जांच का लाभ उठा सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक से मूत्र संबंधी बीमारियों का सटीक निदान होगा और मरीजों को सही उपचार मिल सकेगा। उनके अनुसार विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं घर-आंगन में उपलब्ध करना स्वास्थ्य विभाग का ध्येय है।
Published on:
08 Feb 2026 10:10 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
