27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: मनपा में 20 सालों में सर्वाधिक 51.81 फीसदी मतदान

-बीते चुनाव की तुलना में 9.30 फीसदी अधिक वोटिंग, गोमतीपुर में सर्वाधिक 70.43 प्रतिशत वहीं नवरंगपुरा में सबसे कम 41.31 % , भीषण गर्मी के बीच तोड़ा रेकॉर्ड, 8 वार्डों में 60 फीसदी से अधिक मतदान

2 min read
Google source verification
AMC Election

अहमदाबाद महानगर पालिका के लिए 26 अप्रेल को मतदान करने पहुंचे मतदाता (फाइल फोटो)।

Ahmedabad. महानगर पालिका (मनपा) के 48 वार्ड की 192 सीटों में से दो सीटों के निर्विरोध होने के चलते 190 सीटों के लिए रविवार को हुए चुनाव में बीते 20 सालों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। इस साल 51.81 फीसदी मतदान हुआ, जो गत चार चुनावों में सर्वाधिक है। गत 2021 के 42.51 प्रतिशत मतदान की तुलना में 9.30 फीसदी अधिक है। इस साल पंजीकृत 3800306 मतदाताओं में से 1969118 मतदाताओं ने मतदान किया।वर्ष 2021 में 42.51% मतदान हुआ था वहीं 2015 के चुनाव में 46.51% और 2010 में 44.12% फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

गोमतीपुर वार्ड में इस बार भी सर्वाधिक मतदान

इस बार सबसे ज्यादा 70.43% मतदान गोमतीपुर वार्ड में हुआ, जबकि सबसे कम 41.31% वोटिंग नवरंगपुरा वार्ड में रेकॉर्ड की गई। दिलचस्प बात यह है कि वर्ष 2021 में हुए गत मनपा चुनाव में भी सबसे ज्यादा मतदान (51.93 फीसदी) गोमतीपुर वार्ड में ही हुआ था। सबसे कम 29.19 फीसदी मतदान भी नवरंगपुरा वार्ड में ही रेकॉर्ड किया गया था।

वोटिंग करने में पुरुष रहे अव्वल

मनपा चुनाव में मतदान करने में पुरुष मतदाता अव्वल रहे। 55.20 फीसदी पुरुष मतदाताओं ने वोट डाले। सभी 48 वार्ड में 1967081 पुरुष मतदाता हैं, उसमें से 1085791 ने मतदान किया। जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 48.18 प्रतिशत रहा। पंजीकृत 1833225 में से 883327 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। 2021 में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 45.86 प्रतिशत और महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 38.84 प्रतिशत था। इस लिहाज से बीते 2021 की तुलना में पुरुषों का इस साल का मतदान प्रतिशत 9.34 प्रतिशत बढ़ा है। और महिलाओं का मतदान प्रतिशत भी 9.34 प्रतिशत ही बढ़ा है।

मुस्लिम आबादी बहुल वार्डों में अधिक मतदान

मुस्लिम आबादी बहुल वार्डों में सबसे ज्यादा मतदान रेकॉर्ड किया गया। इसमें गोमतीपुर वार्ड तो 70.43 के साथ मनपा में अव्वल है। उसके बाद 67.95 प्रतिशत मतदान बहेरामपुरा वार्ड में, दरियापुर में 66.18 प्रतिशत, 65.09 प्रतिशत मतदान मक्तमपुरा वार्ड में, 65.06 प्रतिशत दाणीलीमडा वार्ड में मतदान दर्ज किया गया।मिश्रित आबादी वाले खाडिया में 63.61 प्रतिशत, जमालपुर में 63.34 प्रतिशत, लांभा में 61.36 प्रतिशत मतदान रेकॉर्ड किया गया है। कुल 8 वार्डों में 60 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया।