22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंबाजी उत्सव में कलाकारों ने दी प्रस्तुति, शक्तिपीठ के चाचर चौक पर भक्तिमय माहौल

खेलकूद, युवा व सांस्कृतिक प्रवृत्ति विभाग एवं बनासकांठा जिला प्रशासन का आयोजन

less than 1 minute read
Google source verification

पालनपुर. बनासकांठा जिले में शक्तिपीठ अंबाजी के चाचर चौक पर भक्तिमय माहौल में चैत्री नवरात्र के अवसर पर शनिवार रात को अंबाजी उत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भव्य और आध्यात्मिक वातावरण के बीच कलाकारों ने प्रस्तुति दी। अंबाजी मंदिर के प्रशासक सह अतिरिक्त कलक्टर कौशिक मोदी ने उद्घाटन किया।
खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधि विभाग गांधीनगर तथा बनासकांठा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, यात्री और कला प्रेमी उमड़े, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और सांस्कृतिक ऊर्जा का अनोखा माहौल बन गया। उत्सव के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें लोकसंगीत, भक्ति संगीत, नृत्य और हास्य का समन्वय देखने को मिला।
साहित्यकार मायाभाई आहीर ने अपनी विशिष्ट और मनोरंजक शैली में लोकसाहित्य और हास्य का रस प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इंदिरा श्रीमाली ने भावपूर्ण भक्ति संगीत प्रस्तुत कर भक्तों को आध्यात्मिक भाव में डुबो दिया। रमिंदर खुराना ने ओडीसी नृत्य की कलात्मक प्रस्तुति से दर्शकों को मोहित कर लिया। कल्पेश दवे ने माताजी की भावपूर्ण स्तुति प्रस्तुत की और नृत्येश्वरी कला वृंद ने रास महोत्सव की रंगत जमाकर दर्शकों में नवरात्र की पारंपरिक आनंदमयी भावना जगाई।
इस अवसर पर अंबाजी मंदिर के प्रशासक कौशिक मोदी ने कहा कि चैत्री नवरात्र के अवसर पर भक्तों में भक्ति, सांस्कृतिक जागरूकता और पारंपरिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से इस उत्सव का आयोजन किया गया है। इससे शक्तिपीठ अंबाजी की पहचान और मजबूत होती है।