
अहमदाबाद शहर के व्यासवाड़ी चार रास्ते पर हुए एक्सीडेंट की घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने।
Ahmedabad. शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही एक घटना शनिवार मध्यरात्रि बाद करीब सवा दो बजे व्यासवाड़ी चार रास्ते पर हुई। यहां एक कार और बाइक के बीच भिड़ंत हो में बाइक चालक की गंभीर रूप से जख्मी होने के चलते मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक की पहचान भरत ननामा (40) के रूप में हुई है। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। इसका वीडियो फुटेज भी सामने आया है। बी डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू की।
बी डिवीजन ट्रैफिक थाने के पुलिस निरीक्षक (पीआइ) आर.एस.पटेल ने बताया कि यह घटना व्यासवाड़ी चार रास्ते पर शनिवार मध्यरात्रि बाद सवा दो बजे हुई। राणीप निवासी व्यापारी नरेन्द्र वाघेला (26) शनिवार रात डेढ़ बजे के करीब कार में बड़े भाई चेतन, भाभी तुलसी और मित्र जिग्नेश गुप्ता के साथ घूमने निकला था। पालडी तक जाने के बाद वे भीमजीपुरा होते हुए घर लौट रहे थे। उसकी कार व्यासवाड़ी चार रास्ते पर आधे तक पहुंची थी कि इसी दौरान अखबारनगर सर्कल से बाइक पर बैठकर आ रहे तीन लोगों की बाइक से उनकी कार की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक में सवार तीनों व्यक्ति उछलकर नीचे गिर गए। कार भी अनियंत्रित होकर साइड में जाकर टकरा गई। इस घटना में कार का कांच टूट गया। उन्होंने बाहर निकलकर देखा तो बाइक पर सवार तीन में से दो व्यक्तियों को मामूली चोट आई थी, लेकिन बाइक चलाने वाला व्यक्ति घायल था।
राजस्थान पासिंग की बाइक का आगे का पहिया टूट गया था। इस मामले में बाइक चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच की जा रही है।
प्राथमिकी के तहत सामने आया कि कार जिग्नेश गुप्ता नाम के व्यक्ति की है। कार को नरेन्द्र वाघेला चला रहा था। उसके पास लाइसेंस नहीं है। यह बात खुद उसने स्वीकारी है। प्रथम दृष्टया बाइक चालक और सवार अन्य दो लोगों के नशे में होने की आशंका है। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफआइआर के तहत बाइक चालक ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए कार को टक्कर मारी है।
Published on:
28 Jun 2026 10:23 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
