
अहमदाबाद. गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (जीसीसीआइ) की ओर से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल के साथ ओपन हाउस सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में माल परिवहन, यात्री कनेक्टिविटी तथा लॉजिस्टिक्स दक्षता आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश थे। उन्होंने रेलवे की नीतियों, माल परिवहन कार्यक्रमों एवं संरचना विकास से जुड़ी नवीनतम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि गुजरात में रेलवे बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा वंदे भारत एक्सप्रेस और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना जैसे प्रोजेक्ट राज्य के विकास में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
जीसीसीआइ के अध्यक्ष संदीप इंजीनियर ने भारत को 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने औद्योगिक विकास और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जीसीसीआइ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश गांधी, उपाध्यक्ष अपूर्व शाह एवं कोषाध्यक्ष गौरांग भगत भी उपस्थित रहे। जीसीसीआइ लॉजिस्टिक्स टास्कफोर्स के चेयरमैन हितेन वसंत ने लॉजिस्टिक्स प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने में रेलवे की भूमिका को रेखांकित करते हुए वैगन उपलब्धता, संरचना विकास एवं डिजिटल एकीकरण जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
ओपन फोरम के दौरान माल परिवहन, पोर्ट कनेक्टिविटी एवं यात्री सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जिससे उद्योग और रेलवे के बीच सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता सामने आई।
बढ़ते निर्यात एवं लॉजिस्टिक्स मांग को देखते हुए समयबद्ध और विश्वसनीय रेल कनेक्टिविटी आवश्यक बताई गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने व्यापारियों एवं उद्यमियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा आश्वासन दिया कि सभी वाजिब मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
Published on:
22 Mar 2026 09:36 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
