27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: कृष्णनगर में दिन-दहाड़े 50 लाख लूटे, दो बाइक पर आए थे चार लुटेरे

-बापूनगर से ही किया था पीछा, झगड़ा करते हुए भटकाया ध्यान, कार का कांच तोड़कर नकदी भरा बैग लूटा, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी, स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुटीं
2 min read
Google source verification
Krishananagar me loot

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए लुटेरे।

Ahmedabad. शहर के कृष्णनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिन-दहाड़े लूट की घटना सामने आई। दो बाइक पर आए चार लुटेरों ने एक कार चालक को रोककर उसके साथ झगड़ा किया और कार का कांच तोड़कर अंदर से नकदी भरी बैग लूट ले गए। इस बैग में 50 लाख रुपए की नकदी थी। चोरी की इस घटना का पता लगते ही कृष्णनगर पुलिस के साथ-साथ शहर क्राइम ब्रांच की टीमें भी मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश में जुट गई। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कृणाल देसाई ने संवाददाताओं को बताया कि लूट की यह घटना शनिवार की दोपहर को कृष्ण नगर में मारूति प्लाजा के पास हुई। शिकायतकर्ता केयूर पटेल कार में नकदी लेकर जा रहे थे। उन्होंने बापूनगर की एक आंगडि़या पेढ़ी से 50 लाख रुपए की नकदी ली थी। वे नकदी लेकर बाहर निकले तभी से उनके पीछे दो बाइकों पर चार लोग थे। ये उनका लगातार पीछा कर रहे थे।

कृष्णनगर क्षेत्र में मारूति प्लाजा के पास पहुंचने पर उनकी कार को एक बाइक पर सवार दो लोगों ने बाइक से टक्कर मार दी और झगड़ा करने लगे। इस दौरान एक अन्य बाइक पर दो और व्यक्ति आए। दोनों लोगों ने भी शिकायतकर्ता से झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस दौरान झगड़ा करते समय ध्यान भटकाकर दो आरोपियों ने कार का कांच तोड़कर अंदर से 50 लाख रुपए की नकदी से भरा बैग लूट लिया और फिर चारों लोग दोनों बाइक से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एलसीबी और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुराग लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार दिन-दहाड़े लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आंगडिया पेढ़ी से लेकर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। उसमें दो बाइकों पर चार संदिग्धों और बैग लेकर फरार होते दो आरोपियों को चिन्हित करते हुए उन्हें पकड़ने की कवायद शुरू की है।