7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gandhi Jayanti: गुजरात विद्यापीठ ने 16 देशों तक पहुंचाए गांधी के विचार

Gandhi Jayanti, Gujarat Vidyapith, Gandhi's ideas, 16 countries, Ahmedabad

2 min read
Google source verification
Gandhi Jayanti: गुजरात विद्यापीठ ने 16 देशों तक पहुंचाए गांधी के विचार

Gandhi Jayanti: गुजरात विद्यापीठ ने 16 देशों तक पहुंचाए गांधी के विचार

उदय पटेल

अहमदाबाद. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत की महक बापू की ओर से 1920 में स्थापित अहमदाबाद स्थित गुजरात विद्यापीठ की ओर से अब तक 16 देशों में फैलाई जा चुकी है। 3 साल के बाद इस वर्ष गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर से एक बार फिर ‘इंटरनेशनल कोर्स ऑन गांधियन नॉन वायलेंस: थियरी एंड एप्लीकेशन’ शुरू हो रहा है। दो साल कोरोना के चलते यह कोर्स शुरू नहीं हो सका था। 2011 से शुरू हुए इस कोर्स के तहत अब तक 16 देशों के 67 विद्यार्थी यह कोर्स कर चुके हैं। इस साल एक और नए देश जाम्बिया का विद्यार्थी भी शामिल होगा। इस वर्ष अब तक कुल 8 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
गुजरात विद्यापीठ के गांधी दर्शन एवं गांधी अध्ययन व शांति शोध विभाग के प्रोफेसर प्रेम आनंद मिश्रा बताते हैं कि इस वर्ष दो अक्टूबर 2022 से फिर से यह कोर्स शुरू हो रहा है जिसमें 8 विदेशी विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसमें अमरीका, नेपाल, मैक्सिको के अलावा जाम्बिया के विद्यार्थी शामिल हैं। सबसे ज्यादा चार विद्यार्थी नेपाल के हैं।
मिश्रा बताते हैं कि यह कोर्स दो अक्टूबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलता है। 4 महीने के इस आवासीय कोर्स की विशेषता यह है कि यहां विद्यापीठ में विद्यार्थियों को गांधीवादी सिद्धांत, उनके विचार को न सिर्फ पढ़ाया जाता है बल्कि महसूस भी कराया जाता है। यहां रहकर वे खादी वस्त्र पहनने के साथ साफ-सफाई खुद करते हैं। चरखा चलाते हैं। इसे अंग्रेजी भाषा में सिखाया जाता है।
मिश्रा ने बताया कि इस कोर्स के ज्यादातर विद्यार्थी अपने-अपने क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहे हैं। ज्यादातर विद्यार्थी समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े हैं या गांधी विचारों को मानने वाले होते हैं। कोर्स के बाद वे समाजसेवा या गांधीवादी संस्थाओं से जुड़ते हैं वहीं कई आत्मनिर्भर भी हंै। यहां से गांधी के सत्य, अहिंसा के सिद्धांत और गांधी विचारों की शिक्षा लेने के बाद उसे अपने देशों में फैलाने का काम करते हैं।

इन देशों के विद्यार्थियों ने सीखे गांधी विचार

अर्जेन्टीना, मेक्सिको, अमरीका, सूडान, जर्मनी, नेपाल, दक्षिण सूडान, ब्राजील, जाम्बिया, गुआम, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, घाना, कनाडा, बाली, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और सिएरालियोन शामिल हैं।