23 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात विधानसभा: उप चुनाव में जीते भाजपा के सभी 5 विधायकों ने ली शपथ, विधायकों की संख्या हुई 161

गुजरात विधानसभा में अब कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 13 हो गई है। आम आदमी पार्टी के 4 विधायक हैं। दो निर्दलीय और सपा का एक विधायक है।

2 min read
Google source verification
Arjun modwadia

गुजरात विधानसभा में विधायक पद की शपथ लेते पोरबंदर से निर्वाचित अर्जुन मोढवाडिया।

गुजरात विधानसभा की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में जीते भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने मंगलवार को शपथ ली। गांधीनगर स्थित विधानसभा में स्पीकर शंकर चौधरी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल व मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में इन्हें शपथ दिलाई।

सबसे पहले मेहसाणा जिले की विजापुर विधानसभा सीट से चुने गए भाजपा विधायक डॉ. सी.जे. चावड़ा को शपथ दिलाई गई। इसके बाद पोरबंदर सीट से निर्वाचित अर्जुन मोढवाडिया ने शपथ ली। उनके बाद जूनागढ़ जिले की माणावदर सीट से जीते अरविंद लाडाणी ने शपथ लिया। आणंद जिले की खंभात सीट से जीते चिराग पटेल और फिर वडोदरा जिले की वाघोडिया सीट से चुने गए धर्मेंद्र सिंह वाघेला ने विधायक के रूप में शपथ ली।

इन पांच विधायकों के शपथ लेने के साथ ही राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 161 हो गई है। भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में रेकॉर्ड 156 सीटें जीती थीं। जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ 17 सीटें आई थीं। आम आदमी पार्टी को पांच सीटें मिली थीं वहीं 3 सीटों पर निर्दलीय विधायक जीते थे, जबकि समाजवादी पार्टी का एक विधायक चुना गया था।

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के चार और एक निर्दलीय विधायक तथा विसावदर सीट से चुने गए आम आदमी पार्टी के एक विधायक ने इस्तीफा दे दिया था। इसके चलते रिक्त हुईं छह में से पांच सीटों पर गत सात मई को लोकसभा चुनाव के साथ-साथ उप चुनाव भी हुआ था। इन सभी पांच सीटों पर भाजपा ने उन्हीं विधायकों को टिकट दिया था, जो कांग्रेस व निर्दलीय छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उप चुनाव में ये प्रत्याशी फिर से अपनी सीट जीतने में सफल रहे। इसके चलते अब भाजपा विधायकों की संख्या 156 से बढ़कर 161 हो गई। कांग्रेस विधायकों की संख्या 17 से घटकर 13 रह गई है। आम आदमी पार्टी के चार विधायक हैं। दो निर्दलीय और समाजवादी पार्टी का एक विधायक है।

वाव सीट से इस्तीफा देंगी गेनीबेन

वाव सीट से कांग्रेस विधायक गेनीबेन ठाकोर के लोकसभा चुनाव में बनासकांठा सीट से जीत दर्ज करने के चलते अब वे वाव सीट से इस्तीफा देंगी।

दो सीटों पर होगा उप चुनाव

वाव सीट से इस्तीफा देने के चलते इस सीट पर आगामी समय में उपचुनाव होगा। वहीं पहले से रिक्त जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर भी उप चुनाव होगा।

भाजपा का दावा, उप चुनाव में दोनों सीट जीतेंगे

भाजपा ने दावा किया कि पार्टी राज्य में आगामी विधानसभा उपचुनाव में -वाव व विसावदर- दोनों सीटें जीतेगी। पांच विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि आगामी समय में गुजरात विधानसभा की दो सीटों-वाव और विसावदर पर उप चुनाव होगा। ये दोनों ही सीटें भी भाजपा जीतेगी। उधर बनासकांठा सीट से सांसद चुनी गईं गेनीबेन ठाकोर पहले ही कह चुकी हैं कि वाव की जनता उनकी जगह कांग्रेस के प्रत्याशी को जीताकर विधानसभा पहुंचाएगी।