Gujarat congress leaders demand Rahul Gandhi become president पार्टी की वृहद कारोबारी की बैठक में मांग का किया समर्थन, पार्टी के प्रदेश संगठन के गठन के अधिकार सोनिया गांधी को सौंपने का प्रस्ताव पारित
Ahmedabad. राहुल गांधी को एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग जोर पकडऩे लगी है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस में इससे जुड़े प्रस्ताव पारित होने के बाद गुजरात प्रदेश कांग्रेस की रविवार को हुई वृहद कारोबारी (विस्तृत कार्यकारिणी) की बैठक में भी राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग की गई। इस मांग का सभी नेताओं ने तालियां बजाकर समर्थन किया। भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल गांधी कुछ समय पहले ही अध्यक्ष बनने के मामले में यह स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्होंने तय कर लिया है कि उन्हें क्या करना है। वह अपने फैसले की घोषणा चुनाव के दौरान ही करेंगे। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 17 अक्टूबर को होना है। परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इससे पूर्व 2000 में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी ने बताया कि राहुल गांधी पार्टी फिर से कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें इसके लिए गुजरात के नेताओं ने अपना समर्थन जारी किया है। इससे जुड़ा कोई आधिकारिक प्रस्ताव तो पारित नहीं हुआ, लेकिन गुजरात प्रदेश कांग्रेस की रविवार को हुई वृहद कारोबारी की बैठक में इस पर चर्चा हुई और मांग की गई कि पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बनाया जाए। वे युवाओं की आवाज हैं। इस मांग का कारोबारी में उपस्थित सभी डेलिगेट व सदस्यों ने समर्थन किया। तालियां बजाकर मांग का अनुमोदन किया।
प्रदेश संगठन के गठन की सत्ता सोनिया गांधी को सौंपी
गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को गुजरात प्रदेश संगठन के गठन का अधिकार सौंपा गया है। इससे जुड़ा एक प्रस्ताव भी वृहद कारोबारी की इस बैठक में सर्व सहमति से पारित किया गया। गुजरात विधान सभा के विपक्ष के नेता सुखराम राठवा ने यह प्रस्ताव कार्यकारिणी के समक्ष रखा था। गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी, अर्जुनभाई मोढवाडिया एवं सिद्धार्थ पटेल समेत नेताओं ने इसका समर्थन किया। इस प्रस्ताव को पार्टी की ओर से गठित पीआरओ शोभा ओझा, एपीआरओ शाकिर सदानी को सौंपा गया। उनकी उपस्थिति में इसे पारित किया गया था। बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ.रघु शर्मा, संगठन के सह प्रभारी, विधाय, एआईसीसी के पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, फ्रंटल के प्रमुख, शहर, जिला, तहसील समितियों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।