132 Bjp MLA, 14 Congress MLA are crorepati -सभी निर्दलीय, सपा विधायक भी धनकुबेर, -आप के 5 में से एक विधायक हैं अमीर
Ahmedabad. Gujarat election 2022 के चुनावी जंग में जनता का विश्वास जीतकर विधानसभा पहुंचने वाले 182 में से सबसे ज्यादा 132 करोड़पति विधायक भाजपा के हैं। भाजपा के 156 में से 132 विधायकों के पास एक करोड़ व उससे ज्यादा की संपत्ति है। कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस के विजेता हुए 17 में से 14 विधायकों के पास 1 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। जबकि तीनों ही निर्दलीय प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी से जीते कांधल जाड़ेजा भी करोड़पति हैं। आम आदमी पार्टी के पांच में से एक विधायक के पास एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। यह तथ्य एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) की ओर से रविवार को जारी की गई विधायकों की संपत्ति विश्लेषण रिपोर्ट में सामने आए हैं।
एडीआर और गुजरात इलेक्शन वॉच की गुजरात संयोजक पंक्ति जोग ने बताया कि 182 में से 73 विधायक ऐसे हैं, जिनके पास पांच करोड़ व उससे ज्यादा की संपत्ति है, जबकि 2-5 करोड़ के बीच संपत्ति वाले 52 और 50 लाख से दो करोड़ की संपत्ति रखने वाले 46 विधायक चुनकर सदन पहुंचे हैं। 11 विधायकों के पास 50 लाख से कम की संपत्ति है। 182 में से 151 करोड़पति विधायक हैं। जबकि 2017 में 141 विधायक करोड़पति थे।
2017 के मुकाबले 2022 में विधायकों की संपत्ति हुई दोगुनी
पंक्ति जोग ने बताया कि आंकड़े बताते हैं कि 2017 में चुनकर पहुंचे 182 विधायकों की तुलना में इस बार 2022 में चुनकर सदन पहुंचने वाले विधायकों की औसत संपत्ति दोगुनी हो गई है। 2017 में विधायकों की औसत संपत्ति 8.46 करोड़ थी जो 2022 में बढकऱ 16.41 करोड़ हो गई है।
भाजपा विधायकों की बात करें तो इस पार्टी के 156 विधायकों के पास औसतन 17.15 करोड़ की संपत्ति है, जबकि कांग्रेस के 17 विधायकों केपास 5.51 करोड़, आप के पांच विधायकों के पास 98.70 लाख की औसत संपत्ति है। तीन निर्दलीय विधायकों के पास औसत संपत्ति 63.94 करोड़ है। सपा विधायक के पास औसत संपत्ति 20.94 करोड़ की है।
सबसे अमीर तीनों ही विधायक भाजपा के
182 विधायकों में से सबसे ज्यादा अमीर तीनों ही विधायक भाजपा के हैं। इनमें सबसे अमीर माणसा विधायक जयंती पटेल हैं जिनके पास 661 करोड़ की संपत्ति है। सिद्धपुर विधायक बलवंत सिंह राजपूत के पास 372 करोड़ और राजकोट दक्षिण से विधायक रमेश टिलाळा के पास 175 करोड़ की संपत्ति है।
गुजरात विधानसभा चुनाव में जीते 182 में से 40 विधायकों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 का चुनाव जीतने वाले 182 विधायकों में से 40 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एडीआर-गुजरात इलेक्शन वॉच की गुजरात संयोजक पंक्ति जोग ने संवाददाताओं को बताया कि 40 में से 29 विधायक ऐसे हैं जिन पर गंभीर प्रकार के आपराधिक मामले दर्ज हैं। यदि पार्टी आधारित विधायकों की बात करें तो भाजपा के 156 में से 26 के विरुद्ध आपराधिक मामले हैं। कांग्रेस के 17 में से 9, आम आदमी पार्टी के पांच में से दो, तीन निर्दलीय में से दो पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। समाजवादी पार्टी से जीते कांधल जाड़ेजा पर भी आपराधिक मामले हैं। 2017 के चुनाव की तुलना में यह संख्या दो प्रतिशत घटी है। 2017 में 182 में से 47 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज थे।
74 विधायक दोबारा चुनकर पहुंचे सदन
अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में 74 विधायक ऐसे चुने गए हैं जो फिर से जीते हैं। इनमें सर्वाधिक 62 विधायक भाजपा के रिपीट हुए हैं। कांग्रेस के 10, निर्दलीय एक और एक समाजवादी पार्टी विधायक दोबारा चुनकर सदन पहुंचे हैं।