
Gujarat: आखिरकार रथयात्रा निकालने को लेकर मिली हरी झंडी
गांधीनगर. अषाढ़ी दूज पर अहमदाबाद के जगन्नाथ मंदिर से निकाली जाने वाली रथयात्रा को आखिरकार राज्य सरकार ने हरी झंडी दे दी है। हालांकि रथयात्रा निकालने को लेकर कई बंदिशें लागू की गई हैं। रथयात्रा मार्ग पर प्रसाद का वितरण नहीं हो सकेगा।
इसके अलावा राज्यभर के अन्य स्थलों पर रथयात्रा निकाली जाएगी। हालांकि इस वर्ष कोरोना की स्थिति और संभावित तीसरी लहर को देखते हुए कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन कर रथयात्रा निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन को निर्णय लेने का राज्य सरकार ने आदेश दिया है। गांधीनगर में गुरुवार को राज्य के गृहमंत्री प्रदीपसिंह जाड़ेजा ने यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री करेंगे पाहिंद विधि
जाड़ेजा ने कहा कि अहमदाबाद जगन्नाथ मंदिर की रथयात्रा के प्रस्थान के लिए परम्परा के मुताबिक मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल सुबह जगन्नाथ मंदिर में पाहिंद विधि में भाग लेकर रथयात्रा को प्रस्थान कराएंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगला आरती कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेंगे।
जाड़ेजा ने कहा कि रथयात्रा निकालने को लेकर आयोजकों ने लिखित और मौखिक तौर पर मांग की थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की अध्यक्षता और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल की उपस्थिति में कोर कमेटी की बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। अहमदाबाद जगन्नाथ मंदिर की रथयात्रा को लेकर मंदिर के महंत दिलीपदास महाराज और ट्रस्टी मंडल के सदस्यों के साथ बैठक भी की गई थी। बैठक में राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाने के बाद यह निर्णय किया गया।
रथयात्रा का सीधा प्रसारण देखें श्रद्धालु
श्रद्धालुओं की आस्था पूर्ण करने और लोगों का स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन कर रथयात्रा निकालने के लिए मंजूरी देने का निर्णय किया गया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद शहर समेत आसपास के जिलों से श्रद्धालू रथयात्रा के दर्शन के लिए एकत्रित नहीं हो इसके लिए मीडिया पर सीधा प्रसारण देखने का श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है।
कई इलाकों में लगेगा कफ्र्यू
उन्होंने कहा कि रथयात्रा के दिन अहमदाबाद शहर के 19 किलोमीटर मार्ग पर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा परिभ्रमण करती है। ऐसे में संक्रमण नहीं बढ़े इसके लिए रथयात्रा के दौरान प्रसाद वितरण पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से जरूरी इलाकों में सुबह सात से अपराह्न दो बजे तक कफ्र्यू लगाया जाएगा। इसके अलावा कई मार्गों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र को जोडऩे वाले पुलों को भी बंद किया जाएगा।
Published on:
08 Jul 2021 10:47 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
