अहमदाबाद

गुजरात के 75 आइकॉनिक स्थलों पर होगा योग

iconic places, statelevel programme, chief minister, BJP president: राज्य स्तरीय समारोह सूरत में, मुख्यमंत्री पटेल व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल रहेंगे मौजूद

less than 1 minute read
गुजरात के 75 आइकॉनिक स्थलों पर होगा योग

गांधीनगर. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गुजरात के 75 आइकॉनिक स्थलों पर योग होगा। प्रदेश के खेल राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कि बुधवार को सूरत में राज्यस्तरीय समारोह में एक ही स्थल पर सवा लाख लोग योग में हिस्सा लेकर इतिहास रचेंगे। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की अध्यक्षता में होनेवाले इस समारोह में सांसद सी.आर. पाटिल समेत कई महानुभाव मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 6.40 बजे वर्चुअली देशवासियों को सम्बोधित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण राज्यभर में होने वाले कार्यक्रमों में होगा। मुख्यमंत्री भी सुबह 6.30 बजे सूरत से राज्यभर के आमजन को वर्चुअली सम्बोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य के 33 जिलों में स्थित धार्मिक, पर्यटन, ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य वाले 75 आइकॉनिक स्थलों पर योग होगा। इनमें साबरमती रिवरफ्रंट, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, सफेद रेगिस्तान तथा मोढेरा का सूर्य मंदिर जैसे स्थल शामिल हैं। इन 75 स्थलों में 10 ऐतिहासिक, 7 धार्मिक , 17 पर्यटन स्थल शामिल हैं। साथ ही 33 जिलों और महानगरपालिका व आठ तहसीलों को चुना गया है। प्रत्येक गांव, तहसील, शहर, जिला, नगरपालिका, महानगरपालिका के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य केन्द्र, पुलिस मुख्यालय, राज्य की जेलों तथा पुलिस थानों समेत सार्वजनिक स्थलों पर लोग योग करेंगे।

एक दिन में एक लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए `एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य' थीम रखी गई है। राज्य सरकार की ओर से भी राज्यभर में योग दिवस पर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। सूरत के इस कार्यक्रम में जुड़ने के लिए ऑनलाइन लिंक पर सिर्फ एक दिन में ही एक लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। राज्यभर में साठ हजार स्थलों पर सवा करोड़ लोग योगाभ्यास करेंगे।

Published on:
19 Jun 2023 09:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर