
सीसीटीवी फुटेज में दिखा तेंदुआ।
Ahmedabad. शहर के घुमा क्षेत्र की सेरेनदीप मेंसंस (सोसाइटी) में रविवार मध्यरात्रि को तेंदुआ दिखाई दिया। मेगासिटी में तेंदुआ दिखने से न सिर्फ घुमा क्षेत्र की यह सोसाइटी बल्कि आसपास के सोसाइटी व इलाकों के लोगों में भी दहशत है। हालांकि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग और कांकरिया जू की टीमें सोसाइटी और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। आसपास संभावित क्षेत्रों में चार पिंजरे भी लगाए हैं। इसके अलावा थर्मल इमेज सुविधा वाले ड्रोन के जरिए उसकी तलाश की जा रही है। ट्रेंकुलाइजर गन के साथ टीम तैनात की गई है। सोसाइटी के एक बंगले में तेंदुए के घुसने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
उप वन संरक्षक (डीसीएफ) मीनल जानी ने संवाददाताओं को बताया कि सोसाइटी के पास तेंदुआ के पग मार्क (फुटप्रिंट) मिले हैं। हो सकता है कि वह आसपास के क्षेत्र में रहता हो। सीसीटीवी कैमरे के चलते वह पहली बार नजर आया है। ऐसे में आसपास के लोगों से अपील है कि वे शाम के समय बच्चों को घर से बाहर सूनसान जगह व दूर न भेजें। लोगों को ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है हालांकि सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि मनुष्य तेंदुए का आहार नहीं हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में चार पिंजरे लगाए गए हैं। यह पांच से 50 किलोमीटर तक आवाजाही करता है।
सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रविवार मध्यरात्रि 1.59 बजे तेंदुआ एक बंगले में घुसते नजर आ रहा है। इसका फुटेज भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही महापौर हितेश बारोट भी सोमवार सुबह इस सोसाइटी में पहुंचे और सोसाइटी चेयरमैन व अन्य लोगों से बातचीत की। उन्हें भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
महापौर ने कहा कि उन्हें सोमवार तड़के पौने तीन बजे ही इस घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने उसी समय कांकरिया जू के निदेशक आर.के.साहू को इसकी सूचना दी और इसे पकड़ने के लिए कदम उठाने को कहा। उन्होंने जू की टीम और वन विभाग की टीम के साथ यहां पहुंचकर तेंदुए की तलाश शुरू की है। सोमवार सुबह सोसाइटी में आकर मुलाकात भी की। सोसाइटी के लोगों से कहा है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता है, तब तक लोग सुबह और शाम के समय अकेले मॉर्निंग वॉक को न निकलें। साथ ही दुपहिया वाहन से भी न निकलें तो बेहतर होगा।
वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि अहमदाबाद शहर के घुमा क्षेत्र में तेंदुआ दिखने के मामले में थर्मल ड्रोन के जरिए उसकी तलाश की जा रही है। स्थानीय डीसीएफ व वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में उसकी तलाश कर रहे हैं। जरूरी हर कदम उठाए जा रहे हैं। संभावना है कि वह इस क्षेत्र से चला गया है फिर भी कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
Updated on:
20 Jul 2026 09:31 pm
Published on:
20 Jul 2026 09:31 pm
