लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी की ओर से गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति में इलेक्शन कमेटी, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के गठन की घोषणा की गई है। इसके अलावा राज्य के 33 में से 10 जिलों के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की भी घोषणा की गई है। अन्य जिलों के अध्यक्ष की भी जल्द नियुक्ति की जाएगी। इन नियुक्तियों में पार्टी ने अनुभवी नेताओं को तवज्जो दी है। इसमें ज्यादातर काफी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं। इसके अलावा चुनाव भी लड़ चुके हैं।
राज्य के दस जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों में अहमदाबाद के अध्यक्ष के रूप में अहमदाबाद के पूर्व महापौर, पूर्व विधायक व प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हिम्मत सिंह पटेल की नियुक्ति की गई है।राजकोट जिला अध्यक्ष के रूप में पूर्व विधायक ललित वसोया, अमरेली जिले में पूर्व विधायक प्रताप दुधात, जूनागढ़ शहर अध्यक्ष के रूप में भरत अमिपरा, पंचमहाल जिला अध्यक्ष के रूप में चेतन सिंह परमार, खेड़ा जिले के अध्यक्ष के रूप में चंद्रशेखर डाभी, आणंद जिला अध्यक्ष के रूप में विनुभाई सोलंकी, वडोदरा जिला अध्यक्ष के रूप में जशपाल सिंह पढियार, नर्मदा जिले के अध्यक्ष के रूप में प्रफुल पटेल तथा डांग जिले के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मुकेश पटेल की नियुक्ति की गई है।
साथ ही राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव (इंचार्ज) की अध्यक्षता पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया गया है। 17 पदाधिकारी और सदस्यों व चार विशेष सदस्यों वाली इस कमेटी के कन्वीनर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को बनाया गया है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा समेत कई सदस्यों को इसमें शामिल किया गया है। इसके अलावा गुजरात इलेक्शन कमेटी (गुजरात) के गठन की भी घोषणा की गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल समेत 40 सदस्यों और चार विशेष सदस्यों की इसमें नियुक्ति की गई है।
हिम्मत सिंह के अध्यक्ष बनने पर आतिशबाजी
अहमदाबाद शहर कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में हिम्मतसिंह पटेल की नियुक्ति की घोषणा होने पर उनके समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गुजरात प्रदेश कांग्रेस के पालडी स्थित मुख्यालय पर आतिशबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हिम्मतसिंह पटेल का स्वागत भी किया गया।