राजकोट महानगरपालिका के टाऊन प्लानिंग विभाग की ओर से मेगा कार्रवाई
राजकोट. राजकोट महानगरपालिका (आरएमसी) की टाऊन प्लानिंग विभाग की ओर से शहर में रैयाधार टाऊन प्लानिंग (टीपी) रोड पर तीन महीने से बकाया डिमोलिशन कार्रवाई के तहत शनिवार को मेगा कार्रवाई में 105 मकानों पर बुलडोजर चलाए गए।
आरएमसी के टाऊन प्लानिंग ऑफिसर एम.डी. सागठिया के निर्देशन में पश्चिम जोन में रैयाधार टीपी रोड पर द्वारकेश पार्क से राणिमा रूडीमा चौक तक पूर्व में दिए गए नोटिस पर कार्रवाई करते हुए शनिवार सवेरे से ही 105 अतिक्रमित मकान ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान क्षेत्रीय निवासियों ने टीपी टीम के साथ झगड़े का प्रयास किया लेकिन सतर्कता पुलिस टीम के बंदोबस्त के चलते किसी वारदात को अंजाम देने में क्षेत्रीय निवासी सफल नहीं हुए। इस दौरान टीम ने 105 कच्चे-पक्के मकान ढहा दिए। टीपी शाखा सूत्रों के अनुसार 15 मीटर टीपी रोड द्वारकेश पार्क के समीप से और 24 मीटर टीपी रोड को जोडऩे वाले मार्ग पर करीब 640 मीटर लंबाई में स्थित 105 मकान ढहाकर 9 हजार वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाए गए।