6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्री-ट्रायल रन: जीएनएलयू से धौलाकुआं के रूट पर दौड़ी मेट्रो ट्रेन

इसी साल अहमदाबाद-गांधीनगर के बीच मेट्रो ट्रेन दौड़ाने की तैयारी

2 min read
Google source verification
प्री-ट्रायल रन: जीएनएलयू से धौलाकुआं के रूट पर दौड़ी मेट्रो ट्रेन

प्री-ट्रायल रन: जीएनएलयू से धौलाकुआं के रूट पर दौड़ी मेट्रो ट्रेन

गांधीनगर. अहमदाबाद से गांधीनगर के बीच मेट्रो ट्रेन से सफर करने के इच्छुक लोगों के लिए शुक्रवार को अच्छी खबर सामने आई। जीएनएलयू से धौलाकुआं तक तैयार हो चुके मेट्रो ट्रेन के रूट पर प्री-ट्रायल रन शुरू हुआ। इसके तहत इस रूट पर मेट्रो ट्रेन दौड़ी।

अहमदाबाद के मोटेरा से गांधीनगर गिफ्ट सिटी तक मेट्रो ट्रेन के दूसरे चरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके तहत गांधीनगर में 32 करोड़ रुपए की लागत से एक आइकॉनिक मॉडल रूट भी बनाया है। इस रूट के जीएनएलयू से धौलाकुआं तक के हिस्से में शुक्रवार को पहली बार मेट्रो ट्रेन दौड़ने से स्थानीय लोगों ने बड़ी ही उत्सुकता के साथ इस नजारे को देखा।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल इस बात की घोषणा कर चुके हैं कि इसी साल जुलाई तक मोटेरा से गिफ्ट सिटी गांधीनगर तक मेट्रो ट्रेन की सेवा को शुरू किया जाएगा। प्री ट्रायल रन में मिली सफलता को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि मोटेरा से गांधीनगर सेक्टर-1 तक मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन संभवत: अगले माह प्रारंभ हो जाएगा।

मेट्रो प्रशासन ने नर्मदा मुख्य नहर पर एक्सट्रा डोज्ड केबल स्टेड ब्रिज तैयार कर लिया है। यह ब्रिज 145 मीटर लम्बा है। सेन्ट्रल स्पान तथा 79 मीटर के दो अंतिम स्पान में 105 सेगमेन्ट तैयार हो चुका है। 28.1 मीटर ऊंचाई के दो पायलोन का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। अब ट्रेक एवं थर्ड रेल का कार्य जारी है। मार्च-अप्रेल तक ट्रायल रन प्रारंभ कर दिया जाएगा। उधर, दूसरे चरण के सभी स्टेशनों का निर्माण कार्य भी जोरशोर से चल रहा है।उल्लेखनीय है कि यह प्रोजेक्ट नरेन्द्र मोदी स्टेडियम (मोटेरा) से महात्मा मंदिर तथा गिफ्ट सिटी लिंक तक है, जो 28 किलोमीटर है। इसमें 22 स्टेशन हैं। 21 किलोमीटर में मोटेरा स्टेडियम से सेक्टर-1 तक चरणबद्ध तरीके से ट्रायल रन होगा। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी टीम भी जांच करेगी। उसकी मंजूरी के बाद मई -जून या फिर जुलाई तक इसे शुरू करने की योजना है।