25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद रेल मंडल में टॉवर वैगनों के लिए डीजल की मोबाइल फ्यूलिंग सुविधा प्रारंभ

डीजल आपूर्ति व्यवस्था को बनाया जाएगा अधिक दक्ष एवं किफायती

2 min read
Google source verification

अहमदाबाद में प्रारंभ हुई टॉवर वैगनों के लिए डीजल की मोबाइल फ्यूलिंग सुविधा।

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से विद्युत (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन - टीआरडी) विभाग के तहत टॉवर वैगनों के लिए मोबाइल फ्यूल डिस्पेंसर प्रणाली के माध्यम से सड़क मार्ग से ऑन-साइट (डोर-स्टेप) फ्यूलिंग सुविधा प्रारंभ की गई है। इससे डीजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक दक्ष एवं किफायती बनाया जाएगा।
पूर्व में टॉवर वैगनों को ईंधन भराने के लिए अहमदाबाद, भीलडी एवं गांधीधाम में नामित रेलवे कंज्यूमर डिपो (आरसीडी) फ्यूल टर्मिनलों में जाना पड़ता था। वहां मुख्य रूप से डीजल लोकोमोटिव (इंजनों) के लिए ईंधन (डीजल/बायो-डीजल) भंडारण और आपूर्ति केंद्र के रूप में कार्य किया जाता है। इससे ईंधन, समय एवं मानव संसाधनों की अनावश्यक खपत होती थी तथा टॉवर वैगनों की उपलब्धता प्रभावित होती थी।
अहमदाबाद रेल मंडल की ओर से प्रारंभ की गई मोबाइल फ्यूलिंग सुविधा के अंतर्गत टॉवर वैगनों को उनके कार्यस्थल या निकटतम स्थान पर ही डीजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे टॉवर वैगनों को फ्यूलिंग के लिए अलग से लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस पहल से ईंधन की बचत के साथ-साथ अनावश्यक किलोमीटर की कटौती एवं समय की बचत होगी। ट्रैक उपलब्धता (पाथ) का बेहतर उपयोग होगा और माल एवं यात्री ट्रेनों के सुगम आवागमन में सहूलियत होगी। रख-रखाव कार्यों में निरंतरता एवं तेजी सुनिश्चित होगी, जिससे अधिक ट्रेनों का सुचारु एवं समयबद्ध परिचालन संभव हो सकेगा। रख-रखाव के लिए अतिरिक्त लगभग 2 दिनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, 14 टीआरडी डिपो उपलब्ध रहेंगे। टॉवर वैगनों की उपलब्धता में वृद्धि से ओएचइ अनुरक्षण कार्यों की उत्पादकता में सुधार होगा। अनुमानित रूप से इस व्यवस्था से प्रति वर्ष लगभग 25,000 लीटर हाई स्पीड डीज़ल की बचत होगी, जिससे लगभग ₹22.50 लाख की वार्षिक बचत होने का अनुमान है।
अहमदाबाद मंडल की यह पहल आधुनिक, किफायती एवं दक्ष रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे रेल सेवाओं की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में और अधिक सुधार सुनिश्चित होगा।

2834 ट्रैक किलोमीटर मार्ग का विद्युतीकरण

अहमदाबाद मंडल में वर्तमान में लगभग 2834 ट्रैक किलोमीटर मार्ग का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा कुल 14 कर्षण वितरण (ट्रैक्शन डिस्टि्रब्यूशन-टीआरडी) डिपो कार्यरत हैं। इनमें ध्रांगध्रा, पालनपुर, मालिया मियाणा, राधनपुर, मेहसाणा, कलोल, हिम्मतनगर, अहमदाबाद, आडेसर, सामखियाली, विरमगाम, गांधीधाम, भुज एवं भीलडी शामिल हैं। इन डिपो में टॉवर वैगनों की तैनाती ओवरहेड उपकरण (ओएचइ) के रख-रखाव एवं आपातकालीन ब्रेकडाउन कार्यों के लिए की जाती है।