
ahmedabad
अहमदाबाद।राज्यभर में रविवार को ली गई पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) भर्ती की लिखित परीक्षा में नोटबंदी के माहौल के बीच प्रश्न पूछा गया कि स्वतंत्र भारत में पहली बार एक हजार का नोट कब शुरू किया गया था। इसके अलावा सौ अंक के इस पेपर में विश्व भर में आतंक फैलाने वाले खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस के पूरे नाम का भी प्रश्न पूछा गया था।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के नाम से लेकर देश के आजादी के दिन 15 अगस्त 1947 को आरबीआई के गर्वनर के नाम के बारे में भी सवाल पूछा गया। राज्यभर में करीब दो लाख विद्यार्थियों के इस भर्ती परीक्षा में बैठने की खबर है। हालांकि परीक्षा देने आए परीक्षार्थी उनके जिले से काफी दूर परीक्षा केन्द्र आवंटित किए जाने के चलते खासे नाराज भी थे। पूरे पेपर में ज्यादातर प्रश्न सामान्य ज्ञान से जुड़े थे। सुबह नौ बजे से ही परीक्षार्थी केन्द्रों पर पहुंच गए थे। अहमदाबाद के विद्यार्थियों का परीक्षा केन्द्र सूरत में रखा गया था।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.