6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद में नवरात्रि महोत्सव आज से, सीएम करेंगे उद्घाटन

navratri mahotsav, chief minister, garba, gujarat news; दुनिया के सबसे लंबे नृत्य महोत्सव को देखने उमड़ेंगे पर्यटक, 23 अक्टूबर तक चलेगा

2 min read
Google source verification
अहमदाबाद में नवरात्रि महोत्सव आज से, सीएम करेंगे उद्घाटन

अहमदाबाद में नवरात्रि महोत्सव आज से, सीएम करेंगे उद्घाटन

गांधीनगर. गुजरात पर्यटन विभाग की ओर से 15 से 23 अक्टूबर के दौरान अहमदाबाद में नवरात्रि महोत्सव-2023 का आयोजन होगा। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रविवार रात गुजरात यूनिवर्सिटी मैदान पर इस नवरात्रि महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और अहमदाबाद के प्रभारी मंत्री ऋषिकेश पटेल, पर्यटन मंत्री मुलु बेरा, खेलकूद, युवक सेवा एवं सांस्कृतिक मामलों के राज्य मंत्री हर्ष संघवी अतिथि विशेष के तौर पर उपस्थित रहेंगे। अहमदाबाद के सांसद किरीट सोलंकी और हसमुख पटेल, अहमदाबाद महानगर की महापौर प्रतिभा जैन भी समारोह में मौजूद रहेंगी।परंपरागत शेरी गरबा होंगे

उद्घाटन समारोह में ‘शक्तिरुपेण संस्थिता’ की थीम पर मल्टीमीडिया सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं महाआरती का आयोजन भी किया गया है।

नवरात्रि महोत्सव के मुख्य आकर्षण के तहत एन्सिलरी स्टेज पर राज्य स्तरीय गरबा प्रतिस्पर्धा 16 से 23 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे शुरू होगी। इसी दौरान हर रोज रात 9 बजे से 12 बजे के दौरान परंपरागत शेरी गरबा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। यहां गरबा गायकों की सुरीली आवाज और संगीत वाद्ययंत्रों की लयबद्ध ताल पर हजारों की संख्या में खेलैया गरबा खेलेंगे। शेरी गरबा में हिस्सा लेने के लिए खेलैयाओं को परंपरागत वस्त्र पहनना आवश्यक होगा। रात 11:45 बजे महाआरती का भी आयोजन किया गया है।

ये होंगे आकर्षण

यहां प्रतिदिन शाम 5 से 12 बजे तक थीम पवेलियन, क्राफ्ट बाजार, फूड स्टॉल्स, आनंद नगरी और बाल नगरी के अलावा साबरमती आश्रम जैसे थीम-आधारित गेट और अटल ब्रिज, डांडिया द्वार, ‘दीया’ और ‘कलश’ सहित कई अन्य मुख्य आकर्षण लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे।

भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को उजागर करने वाले विभिन्न स्थल और घटनाएं जैसे कि चार वेद, राम मंदिर, मोढेरा सूर्य मंदिर, चंद्रयान, तेजस, खेल क्षेत्र के मशहूर खिलाड़ियों के जीवन की झलक, मां आद्यशक्ति के नौ स्वरूप, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और थिमेटिक टनल जैसे थीम-आधारित विभिन्न स्थलों की झांकी प्रस्तुत करने का भी आयोजन किया गया है।

हस्तकला के स्टॉल भी लगेंगे

आयोजन स्थल पर गुजरात की हस्तकला और उनके कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कई स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से जहां नागरिकों को गुजरात की अनूठी हस्तकला कारीगरी से रूबरू होने का अवसर मिलेगा, वहीं कारीगरों को भी अपने उत्पादों की बिक्री करने का एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। खुले आसमान के नीचे विशाल मैदान में रोशनी की चकाचौंध के बीच रंगबिरंगे परिधानों में सुसज्जित हजारों युवाओं के जोश और जज्बे का प्रदर्शन यानी गुजरात का गरबा। श्रद्धा, भक्ति और उमंग के इस भव्य और दिव्य नजारे को अपनी आंखों से देखने के लिए देश और दुनिया के हजारों पर्यटक भी गुजरात के मेहमान बनेंगे।

गुजरात की अनोखी पहचान और एक ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुका नवरात्रि महोत्सव इस वर्ष लाखों खेलैयाओं के कलात्मक गरबे के लिए एक उपयुक्त प्लेटफॉर्म बनेगा। दुनिया के इस सबसे लंबे नृत्य महोत्सव को सफल बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।