23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: वाडज में टैंकर की टक्कर से एक बच्ची की मौत, दूसरी जख्मी

-बीआरटीएस बस स्टैंड के सामने नए बन रहे ब्रिज के नीचे घटी घटना, टैंकर को रिवर्स में लेते समय चपेट में आईं बच्चियां, बी डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

2 min read
Google source verification
Vadaj Accident in Ahmedabad

अहमदाबाद शहर के वाडज सर्कल के पास एक्सीडेंट होने पर जांच को पहुंची एफएसएल की टीम।

Ahmedabad. शहर के वाडज चार रास्ते के पास पानी के टैंकर की टक्कर लगने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि अन्य दूसरी बच्ची जख्मी है। यह घटना शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे बीआरटीएस बस स्टैंड के सामने नए बन रहे ब्रिज के नीचे हुई। इस संबंध में बी डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता की शिकायत पर आरोपी टैंकर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की।

बी डिवीजन ट्रैफिक थाने के पुलिस निरीक्षक जे.एच.चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि जूना वाडज बीआरटीएस बस स्टैंड के पास हनुमानपुरा की चाली में रहने वाले संजय सोलंकी (45) की बेटी अस्मिता (7) और उसकी सहेली पायल (6) घर के पास ही खेल रही थी। इनके घर के पास ही नया रोड भी बन रहा है।

पुलिस के अनुसार घर के पास नए बन रहे रोड पर खेल रही इन दो बच्चियों को एक पानी के टैंकर के चालक ने लापरवाही पूर्वक टैंकर को रिवर्स में लेते समय चपेट में ले लिया। टैंकर अस्मिता के सिर के ऊपर चढ़ गया और अन्य पायल भी चपेट में आ गई। यह देख आसपास के लोग दौड़े। इस घटना में अस्मिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पायल जख्मी है। उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका अस्मिता के पिता संजय की शिकायत पर आरोपी टैंकर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

चांदलोडिया में कार चालक ने दो वाहनों को मारी टक्कर

अहमदाबाद. शहर के चांदलोडिया क्षेत्र में शालीग्राम प्लस सोसाइटी के समीप शुक्रवार देर रात रोड किनारे पार्क दो दुपहिया वाहनों को एक बेकाबू कार के चालक ने कार से टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। इस मामले में दुपहिया वाहन चालक विशाल पटेल ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। ए डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जयेश प्रजापति (42) चांदलोडिया में ही रहता है। इस पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप है, ऐसे में पुलिस ने प्रोहिबिशन एक्ट की भी धारा लगाई है। आरोप है कि उसने टक्कर के बाद भागते हुए कार से शराब की बोतल फेंकी, उसे भी जब्त कर लिया है।