
दीव।
अहमदाबाद/प्रभास पाटण/जामनगर/जूनागढ़. वर्ष 2023 के स्वागत के लिए गुजरात के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
देवभूमि द्वारका जिले में तीर्थ यात्राधाम द्वारका के समीप शिवराजपुर बीच पर भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे। जूनागढ़ जिले में गिरनार पर्वत पर स्थित अंबा माता के मंदिर में दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रविवार को गिरनार आरोहण-अवरोहण स्पर्धा के कारण दोपहर 12 बजे तक गिरनार पर्वत पर आवागमन बंद था। स्पर्धा के समापन पर दोपहर 12 बजे बाद यात्रियों को प्रवेश दिया गया। उसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरनार पर्वत पर अंबा माता के दर्शन के लिए पहुंचे।
दीव व गिर में पर्यटकों की भीड़
केंद्र शासित प्रदेश दीव में नए साल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। साल 2022 के अंतिम दिन शनिवार को गिर सोमनाथ जिले में प्रभास पाटण स्थित ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव मंदिर में दर्शन के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक दीव पहुंचे। नया साल मनाने के लिए पहुंचे पर्यटकों ने दीव में समुद्र किनारे पर घूमने का आनंद लिया। गिर सोमनाथ में ऊना-केसरिया के निकट चेकपोस्ट बनाकर पुलिस ने वाहनों की जांच की। कोई भी वाहन चालक नशे में वाहन नहीं चलाए, ऐसे में सतर्कता के चलते पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से भी वाहन चालकों की जांच की। गिर सोमनाथ के पुलिस उपाधीक्षक वी.आर. खेंगार ने कहा कि सोमनाथ के नजदीक होने के कारण नव वर्ष मनाने के लिए सैलानी दीव भी गए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकसी बरती जा रही है।
इसके अलावा जूनागढ़ जिले में सासण गिर अभयारण्य में मुक्त वन में विचरते शेरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे। यहां 5 जनवरी तक ऑनलाइन टिकट बुक किए जा चुके हैं। समीप के देवालिया पार्क अभयारण्य में भी शेर देखने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे।
नर्मदा जिले में केवडिय़ा स्थित स्टेच्चू ऑफ यूनिटी, कच्छ जिले में स्थित सफेद रण में रणोत्सव में भी सैलानियों का जमावड़ा देखने को मिला। टूर ऑपरेटरों का कहना है कि गुजरात के सैलानी रविवार को अवकाश होने से निजी वाहनों में इन स्थलों पर उमड़ रहे हैं।
महाकाली माता मंदिर में दर्शन को उमड़े भक्त
दाहोद. पंचमहाल जिले में पावागढ़ स्थित शक्तिपीठ महाकाली माता के मंदिर में दर्शन करने के लिए भी नए साल के पहले दिन रविवार को बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
राजकोट में थर्टी फस्र्ट की रात को विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी प्लॉटों पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों ने रात 12 बजे हैप्पी न्यू ईयर की गूंज के साथ नए साल का स्वागत किया।
Published on:
01 Jan 2023 10:33 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
