
राजनीति: गुजरात में महिलाओं को मौके देने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
अहमदाबाद. राज्य सभा सांसद एवंं कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री रजनी पाटिल ने गुजरात में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए हैं। अहमदाबाद स्थित गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 1985 से लेकर 2017 तक कांग्रेस ने विधानसभा में भाजपा की तुलना में ज्यादा महिलाओं को टिकट दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में कांग्रेस ने 97 महिलाओं को टिकट दिया, जबकि भाजपा ने 76 महिला उम्मीदवार उतारे।इस मौके पर महिला आरक्षण बिल में एसटी, एससी और ओबीसी महिला के आरक्षण के प्रावधान की भी मांग की। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंहा राव के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार की ओर से महिला को पंचायत और नगरपालिकाओं में 33 फीसदी आरक्षण का बिल पारित किया गया था, जिसके बाद यह महिला आरक्षण के लिए कानून बन सका था। इसी की बदौलत ही आज देश में लगभग 15 लाख महिलाएं स्थानीय स्वराज संस्थाओं में नेतृत्व कर सकती हैं। उन्होंने सवाल उठाए कि पिछले साढ़े नौ वर्ष से लोकसभा में बहुमत होने के बावजूद भाजपा सरकार को महिला आरक्षण बिल की क्यों याद नहीं आई। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल लाने के समय सामाजिक, आर्थिक एवं जाति आधारित जनगणना और सीमाकंन की शर्तों पर विचार क्यों नहीं किया गया?
उन्होंने कहा कि देश की महिला पहलवान न्याय मांग रहीं हैं, ऐसे में भाजपा चुप क्यों है? इस मौके पर उन्होंने महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर भी सवाल उठाए। इस मौके पर गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जेनीबेन ठुम्मर, प्रवक्ता पार्थिवराज कठवाडि़या समेत कई नेता मौजूद रहे।
Published on:
25 Sept 2023 10:36 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
