गांधीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 27 जुलाई को राजकोट में कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों का मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने जायजा लिया। उन्होंने राजकोट में मंत्रियों, सांसद, विधायकों, पदाधिकारियों व अधिकारियों के कार्यक्रम के सुचारू आयोजन को लेकर मार्गदर्शन भी दिया।प्रधानमंत्री मोदी 27 जुलाई को राजकोट आने वाले हैं। इस दौरान वे सौराष्ट्रवासियों को राजकोट के निकट नवनिर्मित अत्याधुनिक ग्रीन फिल्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हिरासर एयरपोर्ट की सौगात देंगे।
इसके मद्देनजर ही मुख्यमंत्री पटेल ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, विमानपत्तन प्राधिकरण एवं अन्य विभागों की तैयारियों को लेकर राजकोट में उच्चस्तरीय बैठक की। इसके अलावा राजकोट में विभिन्न विकास कार्यों का प्रधानमंत्री मोदी के करकमलों से होनेवाले लोकार्पण, अन्य कार्यक्रमों व आमसभा के आयोजन की भी समीक्षा बैठक की और जरूरी मार्गदर्शन दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजकोट और सौराष्ट्र को एम्स और ग्रीन फिल्ड इन्टरनेशनल एयरपोर्ट की दो बड़ी सौगात देंगे। यह इन्टरनेशनल एयरपोर्ट से राजकोट और सौराष्ट्रवासियों के लिए विश्व के साथ व्यापार और कारोबार की नई दिशा खुलेगी। इन दो सौगातों को लेकर प्रधानमंत्री के स्वागत और सत्कार के लिए सौराष्ट्रवासियों में खासी उत्सुकता है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री पटेल ने सांसद, विधायकों, पदाधिकारियों और संगठन इकाइयों को मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, यातायात संचालन और यदि बारिश हो तो उससे निपटने की तैयारियों समेत मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में राज्य के कृषि मंत्री राघवजी पटेल, कुंवरजी बावलिया, भानूबेन बाबरिया, सांसद, जिला कलक्टर, महानगरपालिका आयुक्त, पुलिस आयुक्त, विमानपत्तन प्राधिकरण समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने अपने-अपने विभागों की जानकारी दी।