scriptRajkot Game Zone Fire: प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम से ली जानकारी, जताया दु:ख | Rajkot fire: Prime Minister Modi took information from CM, expressed grief | Patrika News
अहमदाबाद

Rajkot Game Zone Fire: प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम से ली जानकारी, जताया दु:ख

गुजरात के राजकोट शहर में स्थित गेम जोन में आग लगने की घटना में 24 लोगों की मौत के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुःख व्यक्त किया है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने भी दुख व्यक्त किया।

अहमदाबादMay 25, 2024 / 11:47 pm

nagendra singh rathore

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

अहमदाबाद. राजकोट के टीआरपी गेम जोन में शनिवार शाम को लगी भीषण आग मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि राजकोट में आग लगने की घटना से बेहद व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के लिए प्रार्थना। राजकोट में आग की त्रासदी ने हम सभी को दुखी किया है। थोड़ी देर पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ टेलीफोन पर बातचीत हुई है। उन्होंने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए जारी प्रयासों की जानकारी दी।

केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने व्यक्त की संवेदना

अहमदाबाद. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस अग्निकांड पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजकोट (गुजरात) के गेम जोन में हुए हादसे से मन अत्यंत दुःखी है। इस हादसे के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री से बात कर जानकारी ली है। प्रशासन राहत व बचाव कार्य के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। घायलों को इलाज प्रदान करवा रहा है। इस दुःखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

राज्यपाल ने दु:ख जताया

गांधीनगर. राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजकोट की आगजनी की भयानक दुर्घटना पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने इसे दुखद , पीड़ादायक हादसा बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ अपनी संवेदना और सहानुभूति प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिवारों को इस कठिन समय में संबल और शक्ति दें। हम सभी को मिलकर एक सुरक्षित और संरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में प्रयास करना होगा।

राहुल गांधी ने व्यक्त की संवेदना

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर संवेदना व दुख व्यक्त किया है। उन्होने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि राजकोट, गुजरात में एक मॉल के गेमिंग ज़ोन में लगी भयंकर आग से मासूम बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें। गुजरात सरकार एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि वो इस घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर सभी शोकसंतप्त परिवारों को शीघ्र न्याय दिलवाएंगे।

Hindi News/ Ahmedabad / Rajkot Game Zone Fire: प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम से ली जानकारी, जताया दु:ख

ट्रेंडिंग वीडियो