पालनपुर/पोरबंदर/राजकोट/पाटण/शामलाजी. गुजरात में मौसम पलटने के बाद रविवार को भी बेमौसम बारिश हुई। इस दौरान फसलों पर ओले गिरने व खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका के चलते किसान चिंतित हैं।
बनासकांठा जिले में मौसम विभाग की पूर्व सूचना के अनुरूप अधिकांश क्षेत्रों में बेमौसम बारिश हुई। जिले की पालनपुर, अमीरगढ़, ईकबालगढ़, डीसा, दांता, तहसीलों में बारिश के कारण किसानों ने आलू, राजगिरा, तंबाकू, अनार, सौंफ, गेहूं व अरंडी आदि फसलों को नुकसान की आशंका जताई है।
पोरबंदर जिले केे बरडा इलाके में कुछ दिनों से मौसम में बदलाव आने के साथ ही रविवार सुबह इलाके के कई गांवों में बेमौसम बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई। इस कारण किसानों को फसलों के नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुरूप रविवार को पोरबंदर जिले के बरडा क्षेत्र के सोधणा, आडवाणा, फटाणा, भेटकडी, मोराणा सहित गांवों में बेमौसम बारिश हुई। बरडा क्षेत्र में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। पोरबंदर तहसील के आडवाणा गांव में किसानों के खेतों से पानी बहने लगा। जिले के मोराणा सहित कई गांवों के खेतों में पानी भर गया और खेतों पर फसलें पानी में डूब गई।
अमरेली जिले की राजुला, सावरकुंडला तहसील के डूंगर, कुंभारिया, मांदरडी में मूसलाधार बारिश हुई। धारेश्वर, जापोदर आदि गांवों में बेमौसम बारिश हुई। बारिश के कारण अमरेली जिले के किसानों में चिंता का माहौल है।
अमरेली जिले की जाफराबाद तहसील के टींबी के आसपास ओलावृष्टि के साथ बारिश से पूरे इलाके में ठंडक का माहौल बन गया। लोर, पिंचड़ी, फसरिया, अभलवाड़, नागेश्री, मीठापुर, दुधाला, हेमल, भाडा, वडली गांवों में बारिश से सडक़ों पर पानी भर गया। सावरकुंडला तहसील के विजपडी, छापरी, चिखली, खडसाली सहित गांवों में तेज बारिश हुई। बाबरा शहर के साथ-साथ लुणकी, हाथीगढ़, इंगोराला, पीर खिजडिया, भीला, चमारडी और वलारडी सहित अधिकांश ग्रामीण गांवों में मूसलाधार बारिश हुई।
पाटण के बस स्टैंड पर भरा पानी
पाटण जिले में में बेमौसम बारिश के कारण बस स्टैंड पर पानी भर गया। इस कारण यात्रियों समेत एसटी के कर्मचारियों को भी परेशानी हुई। शहर में रविवार को बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया।
अरवल्ली जिले की मोडासा, भिलोडा, मेघराज, मालपुर और धनसुरा तहसीलों में बारिश के कारण फसलों को नुकसान की आशंका के चलते किसान चिंतित हैं। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र पारघी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसानों को दोगुना मुआवजा देने की मांग की है।
राजकोट के जसदण, गोंडल में तेज बरसात
राजकोट जिले की जसदण व गोंडल तहसीलों में रविवार को मौसम बदला। जसदण तहसील के गांवों में अचानक बिजली की चमक के साथ बारिश से सडक़ों पर भी पानी भर गया। गोंडल तहसील के कई गांवों में भी मेघ गर्जना के साथ बारिश हुई। जिले के विंछिया में भी बरसात हुई। किसानों की गेहूं, चना, लहसुन सहित तैयार फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
22 मार्च तक बारिश संभव
मौसम विभाग ने 22 मार्च तक बनासकांठा, साबरकांठा, दाहोद, वडोदरा, डांग, तापी, पोरबंदर, जूनागढ़, अरवल्ली, द्वारका और कच्छ जिलों में मेघ गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई है।