21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वडोदरा में हाई स्पीड रेल स्टेशन को जोड़ेगा नया प्लेटफार्म

वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन पर हाई स्पीड रेल स्टेशन को जोड़ने के लिए नया प्लेटफार्म बनाया जाएगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कार्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) द्वारा हाई स्पीड रेल स्टेशन भवन के पास भारतीय रेलवे के लिए लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से प्लेटफॉर्म संख्या 7 का निर्माण किया जाएगा।

2 min read
Google source verification
New Platform to Connect High-Speed ​​Rail Station in Vadodara

वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का निरीक्षण करते मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके।

मंडल रेल प्रबंधक ने यार्ड रीमॉडलिंग का किया निरीक्षण

वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन पर हाई स्पीड रेल स्टेशन को जोड़ने के लिए नया प्लेटफार्म बनाया जाएगा।
नेशनल हाई स्पीड रेल कार्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) द्वारा हाई स्पीड रेल स्टेशन भवन के पास भारतीय रेलवे के लिए लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से प्लेटफॉर्म संख्या 7 का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए निविदा आमंत्रण सूचना (एनआइटी) जारी की जा चुकी है तथा निविदा 23 जुलाई को खोली जाएगी। प्रस्तावित प्लेटफॉर्म संख्या 7 को ट्रैवलेटर के माध्यम से वडोदरा रेलवे स्टेशन से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को दोनों परिसरों के बीच सहज आवागमन की सुविधा मिलेगी।
यह आगामी हाई-स्पीड रेल स्टेशन के साथ प्रभावी एकीकरण सुनिश्चित करेगा तथा यात्रियों को बेहतर मल्टीमॉडल यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। यह प्लेटफॉर्म भारतीय रेलवे के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा तथा इसमें प्लेटफॉर्म शेल्टर, पेयजल सुविधा, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं टिकट बुकिंग काउंटर सहित सभी आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने वडोदरा स्टेशन का दौरा कर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का वरिष्ठ अधिकारिओं के साथ निरीक्षण किया। भडके ने बताया कि वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग एवं ट्रैक इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण का कार्य प्रगति पर है। प्रोजेक्ट के तहत वडोदरा स्टेशन की वर्तमान पारंपरिक पैनल-आधारित प्रणाली को आधुनिक विजुअल डिस्प्ले यूनिट (वीडीयू) आधारित प्रणाली से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। यह प्रणाली मानवीय त्रुटियों की संभावना को कम करेगी, तकनीकी खामियों की पहचान को आसान बनाएगी तथा परिचालन संरक्षा एवं दक्षता में उल्लेखनीय सुधार लाएगी।
संरक्षा को और अधिक मजबूत करने तथा परिचालन को सरल बनाने के लिए मौजूदा डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग को हटाया जाएगा। इसके हटने से ट्रैक संरचना सरल होगी, विश्वसनीयता बढ़ेगी, रखरखाव की आवश्यकता कम होगी तथा स्टेशन यार्ड में ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगी।

22 डिब्बों की ट्रेनों के लिए प्लेटफार्म 4 व 5 का विस्तार

प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 की लंबाई बढ़ाकर इन्हें 22 एलएचबी कोचों वाली ट्रेनों के संचालन हेतु सक्षम बनाया जा रहा है। इन दोनों प्लेटफार्म की रेल लाइन को सीधे मुख्य लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे अनुमत गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 30 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। लूप लाइन संख्या 4 एवं 5 पर अनुमत गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 15 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। प्रोजेक्ट के तहत 350 मीटर लंबी नई स्टेबलिंग लाइन का निर्माण भी किया जाएगा।
वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग एवं ट्रैक इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण का कार्य प्रगति पर है। प्लेटफार्म नंबर 5 एवं 6 की रेल लाइन पर पॉइंट एवं क्रॉसओवर को बैठाने का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिससे इन प्लेटफार्म पर 23 जून से 1 जुलाई तक ट्रेनों का परिचालन नहीं होगा।

स्टेशन मास्टर के नए कार्यालय का निर्माण

परिचालन प्रबंधन एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए स्टेशन मास्टर के नए कार्यालय का निर्माण भी कराया जाएगा।