
राजकोट रेंज के डीआइजी निर्लिप्त राय, एसपी विजयसिंह गुर्जर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राजकोट. शहर के पास शापर-वेरावल में बुजुर्ग को घर में बंधक बनाकर हथियारधारी नकाबपोश 5 लोगों ने लुटेरों ने 2.47 करोड़ रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, एक राइफल और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार मध्यरात्रि बाद करीब 1:30 बजे हुई। शापर-वेरावल निवासी बुजुर्ग जितेंद्रसिंह जाडेजा (77) घर में अकेले थे। उनके सो जाने के बाद करीब 5 नकाबपोश लोहे के पाइप और अन्य घातक हथियारों के साथ घर में घुसे। आवाज सुनकर बुजुर्ग की नींद खुल गई।
घर के मुखिया के जाग जाने पर लुटेरों ने हिंसक रवैया अपनाते हुए उन्हें हथियार दिखाकर काबू में कर लिया। उन्हें मुक्के मारे, मुंह दबाया और हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर बाहर से दरवाजे का कुंडी लगा दी। इसके बाद तिजोरी के ताले तोड़ दिए। 2.47 करोड़ रुपए नकद, करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, एक राइफल और मोबाइल लूटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही राजकोट एसपी विजयसिंह गुर्जर समेत वरिष्ठ अधिकारी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। शापर पुलिस, एलसीबी, एसओजी, डॉग स्क्वॉड और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने पूरे राजकोट जिले और आसपास के हाईवे पर नाकाबंदी कर दी। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि घर में इतनी बड़ी नकद राशि होने की जानकारी किसी करीबी या जानकार व्यक्ति को हो सकती है, इसलिए उस दिशा में भी जांच की जा रही है।
बुजुर्ग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कमरे की कुंडी खोली और बाहर निकले। उनका मोबाइल भी आरोपी ले गए थे। इसलिए उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से अपने पुत्र को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार लूटे गए 2.47 करोड़ रुपए विभिन्न स्थानों पर बेचे गए प्लॉट से प्राप्त नकद राशि थी, जो घर में रखी गई थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी के वाहनों का इस्तेमाल किया था। घटनास्थल के पीछे की गली से उन्होंने योजना के तहत तीन वाहन चुराए थे और उन्हीं का इस्तेमाल लूट के दौरान किया। लूट के बाद चोरी का वाहन घटनास्थल के पास छोड़कर फरार हो गए, जबकि दो बाइक से फरार हुए।
घटना के बाद राजकोट रेंज के डीआइजी निर्लिप्त राय, एसपी गुर्जर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और विस्तृत जानकारी ली। डीआइजी ने बताया कि एसपी गुर्जर के मार्गदर्शन में विभिन्न टीमों का गठन किया गया है।
Published on:
20 Jun 2026 10:20 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
