
अहमदाबाद. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के घी कांटा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 12 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) जब्त की। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मूलरूप से राजस्थान के जालौर जिले की सांचोर तहसील के मारू खेड़ा (हरजी ढाणी) का रहने वालामालाराम देवासी (26) है जो फिलहाल अहमदाबाद में सरसपुर स्थित लुहारशेरी का निवासी है। दूसरा आरोपी अशोक कुमार दर्जी (35) भी इसी इलाके में रहता है जो मूलरूप से बनासकांठा जिले का निवासी है। इनके पास से 412 ग्राम मेफेड्रोन जब्त की गई जिसकी कीमत 12.36 लाख बताई जाती है। साथ ही तीन मोबाइल भी मिले।क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि घी कांटा क्षेत्र में कुछ लोग ड्रग्स की बिक्री कर रहे हैं। इसके आधार पर एक टीम ने उस क्षेत्र में नवताड की पोल के सामने लक्ष्मी मार्केट के नीचे नजर रखी और दबिश देकर दो लोगों को संदिग्ध गतिविधि करते हुए पकड़ा।