Ahmedaabd. शहर के शेला स्थित स्काय सिटी इमारत में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना क्लब ओ 7 रोड के पास इमारत के सी ब्लॉक में हुई। ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर सी-302 में गुरुवार सुबह करीब 7:58 बजे लगी आग धीरे-धीरे ऊपरी मंजिल तक फैल गई। इससे लोगों में भगदड़ मच गई।सूचना मिलते ही अहमदाबाद दमकल विभाग की 18 टीमें वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। बिल्डिंग की फायर सिस्टम सक्रिय होने और फायर ब्रिगेड की तत्काल कार्रवाई से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया जिससे जनहानि टल गई।
आग की घटना के समय इमारत में धुआं भर गया था। इसके चलते इस इमारत में रहने वाले 40 से 50 लोगों को एहतियात के तौर पर पहले छत पर इकट्ठा किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीमों ने सभी लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे उतार लिया।
73 फायर कर्मचारी ऑपरेशन में जुटे
सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमों ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 18 वाहनों का इस्तेमाल करते हुए मौके पर 73 फायर जवानों ने रेस्क्यू व आग बुझाने के काम को संभाला। वॉटर बाउजर, फायर फाइटर, फर्स्ट रिस्पॉन्डर वाहन, एंबुलेंस और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद ली गई। अभियान में फायर विभाग के कर्मचारियों में 41 फायरमैन, पांच जमादार, 19 ड्राइवर, तीन स्टेशन ऑफिसर, एक डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर और एक एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई और न ही कोई जनहानि हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
फायर ब्रिगेड सूत्रों का कहना है कि आग लगने के पुख्ता कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी होगी। आग के चलते घर का सामान जल गया।