
Smart City Project : कुछ टेण्डर आमंत्रित तो कुछ में हुआ काम शुरू
धौलपुर. अब धौलपुर जिला मुख्यालय भी स्मार्ट सिटी की राह पर चल पड़ा है। इसके लिए राज्य सरकार ने जोनल डवलपमेंट प्लान तैयार करवाया जा रहा है। इसके लिए कार्यादेश जारी हो गए हैं। जोनल प्लान के तहत पूरे शहर की प्रत्येक सम्पत्ति का सर्वे किया जाएगा। इसके बाद जहां आवश्यकता होगी, वहां पर विकास कार्य कराए जाएंगे। मास्टर प्लान में हुई छेड़छाड़ तथा उसके विपरीत हुए निर्माण का भी पता लगा सकेगा। इसके बाद जोनल प्लान के तहत विकास कार्य स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। जिससे जीवन शैली में भी बदलाव आएगा।
इनका होगा सर्वे
राज्य सरकार ने नगरपरिषद को जोनल प्लान बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगरपरिषद ने जयपुर की याशि कंसलटिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को सर्वे के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत शहर में घर, दुकान, प्रतिष्ठान, खाली भूखण्ड, सरकारी सम्पत्ति, होटल आदि का सर्वे किया जाएगा। इसके अन्तर्गत सभी भूखण्ड व मकानों की फोटो भी ली जाएगी। सर्वे के तहहत रोड, सीवर, लाइट, ट्रांसफॉर्मर आदि का सर्वे किया जाएगा। यानी, हर अचल सम्पत्ति का सर्वे होगा।
यह होगा फायदा
जोनल डवलपमेंट प्लान बनने से शहरवासियों को बहुत फायदे होंगे। सर्वे से यह पता चलेगा कि भूमियों पर कितने मकान निर्मित हैं और कितने भूखण्ड खाली है। साथ ही सरकारी भूमियों का पता लग सकेगा। साथ ही मास्टर प्लान में वर्णित रास्तों की चौड़ाई तथा वर्तमान स्थिति का पता लग सकेगा। मास्टर प्लान में कहीं १०० फीट रोड है, लेकिन वर्तमान में केवल ३० से ४० फीट रोड ही रह गई है। वहीं मास्टर प्लान के तहत आवासीय कॉलोनी दर्शायी हुई है, लेकिन वर्तमान में बाजार खुल गए हैं। कई नई कॉलोनियां विकसित हुई है, जिनका मास्टर प्लान में उल्लेख नहीं है। ऐसी कॉलोनियों का पता चलेगा। जिससे आगामी दिनों में आयोजित होने वाले प्रशासन शहरों के संग अभियान के पट्टे दिए जा सकेंगे। वहीं शहर में जहां पर आवश्यकता होगी, वहां पर पार्क, सड़क, खेल मैदान, मनोरंजन के स्थान सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। साथ ही वर्तमान में स्थित सड़कों के मुताबिक प्लान बनाया जा सकेगा। इसी प्रकार सीवर, लाइट, पानी, सरकारी कार्यालयों की भूमि पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण, कब्जा का भी पता लग सकेगा।
इनका कहना है
जिला मुख्यालय पर राज्य सरकार ने जोनल डवलपमेंट प्लान के निर्देश हैं। इसके तहत कम्पनी को कार्य आदेश जारी कर दिए हैं। सर्वे में लोगों को भी सहयोग करना होगा, सर्वे के अनुसार पट्टे दिए जाएंगे। आवश्यकतानुसार सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। जिससे शहर स्मार्ट सिटी बन सके।
सौरभ जिंदल, आयुक्त, नगरपरिषद, धौलपुर।
Published on:
23 Jun 2021 12:53 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
