
Pushkar News: Students को पढऩे के लिए नई छत की दरकार
अजमेर / पुष्कर. नगर पालिका ने पुष्कर (pushkar news) धाम विश्राम स्थली के मात्र चार कमरों में संचालित गवर्नमेंट कॉलेज के भवन को खाली करने का नोटिस थमा दिया है। ऐसे में कॉलेज में अध्ययरत 234 विद्यार्थियों को शिक्षण के लिए नई छत की दरकार है। वहीं कॉलेज प्रशासन सावित्री पहाड़ी की तलहटी में निर्मित नए कॉलेज भवन व जमीन को यूजीसी के मापदंडों के अनुरूप नहीं बताकर शिफ्ट करने पर राजी नही है।
राजनीतिक दाव-पेच से उलझा मामला
5 अक्टूबर 2013 को कांग्रेस राज में गवर्नमेंट कॉलेज अस्तित्व में आया। बांगड़ स्कूल के तीन कमरों में शिक्षण शुरू हुआ। बाद में भाजपा राज में कॉलेज पालिका की पुष्कर धाम विश्राम स्थली के चार कमरों में शिफ्ट कर दिया गया। कॉलेज में 234 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अब नगर पालिका ने भवन खाली करने का नोटिस थमा दिया है।
नया कॉलेज भवन अनुपयुक्त
पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत की सिफारिस पर पालिकाध्यक्ष कमल पाठक ने सावित्री पहाड़ी की तलहटी में सवा 6 बीघा जमीन नि:शुल्क आवंटित करने के बाद तीन करोड़ बजट स्वीकृत हुआ। नया भवन भी बन गया, लेकिन कॉलेज प्रशासन यूजीसी के मापदंडों के अनुसार भवन को अनुपयुक्त बता रहा है।
इनका कहना है...
नगर पालिका ने कॉलेज भवन खाली करने का नोटिस दिया है। नए भवन के लिए साढ़े 12 बीघा जमीन हो तो ही कॉलेज शिफ्ट हो सकेगा। अब छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की समस्या आएगी।
- संध्या रैना, प्राचार्य, गवर्नमेंट कॉलेज
कांग्रेस राज में कॉलेज का शिलान्यास कर दिया गया, लेकिन न स्टाफ था और न ही भवन। भाजपा राज में जमीन व बजट दोनों स्वीकृत किए अब नया भवन बनकर तैयार है। सरकार को कॉलेज नए भवन में शुरू कराने की सभी अर्हताएं पूरी करनी चाहिए।
- सुरेश सिंह रावत, विधायक, पुष्कर
Published on:
9 Jan 2020, 1:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.