
ससुराल वालों को दहेज में चाहिए थी मोटी रकम, करते थे प्रताडि़त हर रोज उसको इसलिए कह गई वो अलविदा सबको
अजमेर . पति और ससुराल पक्ष की प्रताडऩा से परेशान एक विवाहिता ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दे दी। विवाहिता की मौत के बाद जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे पीहर पक्ष ने हंगामा मचा दिया। पीहर पक्ष ने दहेज प्रताडऩा और हत्या का आरोप लगाया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने प्रकरण दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन लोहाखान कल्पवृक्ष वाली गली निवासी शर्मिला पत्नी सुरेश माली ने गुरुवार सुबह संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
उसे फंदे से उतार जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही शर्मिला के पीहर पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने शर्मिला के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। विवाहिता की मौत से व्यथित पीहर पक्ष के लोगों ने मृतका के जेठ की पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस ने बीच बचाव कर ससुराल पक्ष को रवाना कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्जकर लिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया।
बेटे के एडमिशन के लिए गई ससुराल
बड़ी बहन उर्मिला ने बताया कि चार साल पहले पुलिस लाइन नया बाड़ा निवासी शर्मिला पुत्री रघुवीर सिंह पंवार की शादी आरटीओ में एजेन्ट लोहाखान कल्पवृक्ष वाली गली निवासी सुरेश खारोलिया के साथ हुई थी। शादी के बाद से सुरेश और उसके परिवार के लोग शर्मिला को कपड़े, गहने, प्रोपर्टी के लिए प्रताडि़त कर रहे हैं। शर्मिला 6 माह से अपने पीहर में थी लेकिन कुछ दिन पहले अपने चार साल के बेटे के स्कूल एडमिशन के लिए पति सुरेश के साथ ससुराल गई थी। यहां से ले जाने से पहले भी आरोपित सुरेश ने झगड़ा किया था।
करते थे परेशान
पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि शर्मिला को उसके ससुराल पक्ष ने हत्या के बाद फंदे पर लटका कर आत्महत्या का नाटक रचा है। उन्होंने बताया कि शर्मिला को चार साल में करीब आधा दर्जन बार उसका पति पीहर छोड़ जाता था। समझाइश कर पुन: भेजा जाता ताकि उसका घर बना रहे लेकिन आए दिन उसे प्रताडि़त किया जाता था। विगत 10-11 अप्रेल को सुरेश ने पीहर में शराब पीकर हंगामा किया था।
Published on:
25 May 2018 06:00 am
