
केकड़ी में नागरिकता संशोधित कानून के समर्थन में निकाली रैली
Rally in support of revised citizenship law अजमेर. नागरिकता संशोधित कानून के समर्थन में लोगों के बीच खासी जागरुकता आने लगी है। देश में इस कानून के विरोध में जिस तरह तोडफ़ोड़ व आगजनी की गई। करोड़ों की राष्ट्रीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसे देख हिन्दूवादी व राष्ट्रवादी ताकतें सक्रिय व सावचेत हो गई है। अजमेर जिले के ब्यावर, सरवाड़,किशनगढ़,भिनाय व रूपनगढ़ शहरों के बाद केकड़ी में भी राष्ट्रवादी मोर्चा के तत्वावधान में नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर केकड़ी शहर के प्रतिष्ठान आधे दिन बंद रहे। रैली की शुरुआत में घंटाघर स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जनसभा हुई।
शरणार्थी अब स्वाभिमान की जीएंगे जिंदगी
सभा में वक्ताओं ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू होने से पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर प्रताडि़त अल्पसंख्यकों को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
बरसों से भारत में शरणार्थी का जीवन व्यतीत कर रहे लाखों लोग स्वाभिमान से अपनी जिंदगी जी पाएंगे। विभाजन के समय पाकिस्तान में २३ प्रतिशत हिन्दू आबादी थी, जो घटकर केवल ३ प्रतिशत रह गई है। इनमें से अधिकतर लोग भारत में निर्वासित जीवन बिता रहे हैं।
युवाओं में दिखा जोश
रैली घंटाघर से रवाना हुई जो सदर बाजार, खिडक़ी गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, माणक चौक, सूरजपोल गेट, भैरूगेट, सरसड़ी गेट, बस स्टैण्ड होते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंची। रैली का एक छोर जहां चारभुजा मंदिर पर था, तो दूसरा छोर घण्टाघर तक था।
रैली के दौरान युवाओं ने नारेबाजी कर अधिनियम का जोरदार समर्थन किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। युवाशक्ति ने हाथों में तिरंगा व भगवा ध्वज सहित समर्थन में लिखे नारों की तख्तियां थाम रखी थी। सबसे आगे खुले वाहन में भारत माता की आकर्षक झांकी सजाई गई।
धन्यवाद पत्र सौंपा
रैली के उपखण्ड कार्यालय पहुंचने पर मोर्चा की ओर से उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह पुरोहित को राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम लिखा धन्यवाद पत्र सौंपा गया। धन्यवाद पत्र में उन्होंने लिखा कि यह कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश से प्रताडि़त होकर भारत आए हिन्दू, सिख, जैन, ईसाई, पारसी व बौद्ध के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कानून का विरोध कर देश का माहौल खराब करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लानी चाहिए। रैली का नेतृत्व राष्ट्रवादी मोर्चा के संयोजक महावीर सिंह भाटी व मंत्री दशरथ साहू ने किया।
यह रहे शामिल
रैली में भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, बद्रीलाल माली, भाजयुमो के राजेन्द्र चौधरी, पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, बजरंग दल के रामअवतार चौधरी, हेमराज सैनी, प्रधान सैनी, गोमा जाट, दशरथ जाट, एबीवीपी के सांवरलाल चौधरी, रोहित जांगिड़, गोविन्द शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं व उपखण्ड क्षेत्र के अनेक गांवों से आए लोगों ने शिरकत की।
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उप अधीक्षक राजेश वर्मा व थानाधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। इस दौरान सरवाड़, सावर, भिनाय, नसीराबाद, श्रीनगर सहित पुलिस लाइन से आया जाप्ता तैनात रहा।
सांपला क्षेत्र से बजंरग दल व अन्य हिन्दूवादी सगठनों ने केकड़ी में आयोजित रैली में भाग लिया। इसमें सांपला व आसपास के गांवों से कई युवकों ने भागीदारी निभाई। इस दौरान बजरंग दल के सहसंयोजक शांतिलाल मेघवंशी, श्यामसुनदर शर्मा, शिवराज रेगर, धनराज रेगर, पवन बाबर, किशनगोपाल साहू, सरसड़ी से महावीर चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Published on:
25 Dec 2019 09:13 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
