अजमेर. पंचशील गणेश गुवाड़ी स्थित गणेश मंदिर में मंगलवार सुबह शातिर चोर ताला तोड़कर दानपात्र की नकदी साफ कर गए। सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी ने चोरी की वारदात की इत्तला दी। मंदिर कमेटी की ओर से मामले में क्रिश्चियनगंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया है।
मुकेशसिंह राठौड़ ने बताया कि मंगलवार सुबह 2 से 3 बजे के मध्य अज्ञात चोर गणेश गुवाड़ी स्थित गणेश मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात अंजाम दे गए। चोर मंदिर की दान पेटी तोड़कर नकदी साफ कर गए। राठौड़ ने बताया कि पूर्व में भी तीन मर्तबा मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात पेश आ चुकी है।
सीसीटीवी कैमरे की मांग
राठौड़ ने बताया कि पंचशील गणेश चौराहा क्षेत्र भी अब रिहायशी क्षेत्र है। ऐसे में यहां अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। इससे पूर्व दो दिन पहले पंचशील सी ब्लॉक में शिव मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई थी। लगातार चोरी की बढ़ती वारदातों से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
सूने मकान से नकदी चोरीचोरी की दूसरी वारदात चोर गिरोह ने हरिभाऊ उपाध्याय नगर मुख्य सिनेवर्ल्ड के पीछे स्थित एक सूने मकान में अंजाम दी। . मकान में रह रहे किराएदार शहर से बाहर गए थे। मंगलवार को लौटने पर चोरी का पता चला। चोर मकान से करीब डेढ़ लाख की नकदी समेट ले गए। हालांकि मामले में पीडि़त ने पुलिस को शिकायत नहीं दी।