15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नन्हे कलाकारों ने मोहक अदाओं से मंच पर बिखेरा जलवा

विद्यालय के वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, नृत्य नाटिका से दिया पर्यावरण संरक्षण और देश की अनेकता में एकता का संदेश

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

dinesh sharma

image

दिनेश कुमार शर्मा

Mar 15, 2026

anniversary celebration

बूस्ट-अप... द रॉयल एकेडमी प्ले स्कूल के वा​र्षिकोत्सव में ‘सेव ट्री’ विषय पर नृत्य-नाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते नन्हे बच्चे।

अजमेर (Ajmer news) . नन्हे बच्चों ने ‘सेवट्री’ विषय पर नृत्य-नाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और अरावली पर्वतमाला की सुरक्षा का प्रेरक संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं ‘हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता’ पर आधारित प्रस्तुति ने देश की अनेकता में एकता की भावना को जीवंत कर दिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और भावपूर्ण अभिनय के साथ बच्चों ने वा​र्षिकोत्सव में मोहक अदाओं संग सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर खासा प्रभावित किया।

बच्चे देश का भविष्य और भावी कर्णधार

संबोधन में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य और भावी कर्णधार हैं। इन्हें बचपन से ही अच्छी शिक्षा व संस्कार दिए जाएं, तो ये आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विद्यालय और अभिभावकों का संयुक्त दायित्व है कि बच्चों को सकारात्मक वातावरण और सही मार्गदर्शन प्रदान करें।

ज्ञान के साथ दें नैतिक मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा

राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी सी. पी. जोशी ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और मासूमियत में देश का उज्ज्वल भविष्य छिपा है। जरूरी है कि हम इन्हें ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा भी दें, ताकि ये अच्छे नागरिक बन सकें। ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप धाभाई ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व अति​थियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अनुशासन के महत्व को दर्शाया

बच्चों ने सरस्वती वंदना नृत्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात देशभक्ति कविता, गुरु मंत्र एवं शिक्षकों को समर्पित कविता, स्वर कविता के माध्यम से हिंदी वर्णमाला के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। बच्चों ने रिदम एंड बीट डांस के माध्यम से जीवन में अनुशासन के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम में विद्यालय में वर्षभर की गतिविधियों और उत्सवों की झलक प्रस्तुत की गई। इनमें होली, नवरात्रि, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, बसंत पंचमी, मकर संक्रांति, गणेश उत्सव, गांधी जयंती, योग दिवस, रिपब्लिक डे, क्रिसमस, अर्थ डे सहित अन्य सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां शामिल थीं।

संस्कार व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही उद्देश्य

अंत में बूस्ट-अप... द रॉयल एकेडमी प्ले स्कूल निदेशक एवं प्राचार्य रेखा शर्मा ने कहा कि विद्यालय की स्थापना बच्चों को संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई। विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग, फल-सब्ज़ी मार्केट गतिविधि, रेनबो डे, मैंगो डे, वाटरमेलन डे आदि गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान किया जाता है। पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।