जिले में भी बरसात
जिले में भी बरसात का दौर चला। पुष्कर में सुबह से छाए बादल बरसे। गलियों-सड़कों पर पानी बह गया। रूपनगढ़, पीसांगन-मांगलियावास, घूघरा, कायड़, गगवाना, गेगल इलाके में भी बरसात हुई। बारिश से बचने के लिए लोगों को पेड़ों और दुकानों के नीचे रुकना पड़ा।
हवा ने बढ़ाई ठंडक
बरसात होने और शीतलहर चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। लोग सुबह से देर शाम तक गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। दिनभर बादल छाने से लोगों को गुनगुनी धूप नसीब नहीं हुई। सुबह से शाम तक बर्फीली हवा नश्तर चुभोती रही। लोग हीटर और सड़कों पर अलाव जलाकर ठंड से राहत पाते नजर आए। बारिश के चलते घरों में दुबक गए। सड़कों पर रौनक भी कम रही।
यों बदला है मौसम
दक्षिण पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती परिसंचार बना हुआ है। पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इसीलिए अजमेर सहित राज्य के कई हिस्सों में कोहरा, बरसात और ओलावृष्टि हुई है।