
चौराहे पर खड़े होकर अधेड़ उम्र का शख्स चिल्लाने लगा 'मैं कोरोना का मरीज हूं' फिर...
अलीगढ़. जिले के खेरेश्वर चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया जब वहां एक अधेड़ उम्र का शख्स चिल्ला चिल्लाकर कहने लगा कि मैं कोरोना संक्रमित हूं। उस शख्स की बात सुनकर वहां आसपास मौजूद लोग व पुलिस कर्मी उससे दूर जाकर खड़े हो गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी गई। इसके बाद उसे एंबुलेंस से अतरौली ले जाकर भर्ती किया गया। घटना मंगलवार शाम की है।
ये है पूरा मामला
पिसावा निवासी उस शख्स का कहना है कि वो दिल्ली में काम करता है। नोएडा के एक अस्पताल में हुई जांच की रिपोर्ट में वो कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद वो अलीगढ़ आ गया। हालांकि वो खेरेश्वर चौराहे तक कैसे पहुंचा, इस बात की सटीक जानकारी वो नहीं दे पाया। फिलहाल उस शख्स को आइसोलेट किया गया है।
दोबारा सैंपलिंग करायी गई
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोएडा प्रशासन से उसकी जानकारी ली गई है, साथ ही उसकी फिर से सैंपलिंग करायी गई है। बता दें कि अलीगढ़ में अब तक कोरोन के 129 मामले सामने आ चुके हैं। 14 की मौत हो चुकी है। 60 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस जा चुके हैं। फिलहाल 53 सक्रिय मामले हैं।
Published on:
28 May 2020 05:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
