13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अतीक के एक और करीबी को पुलिस ने एनकाउंटर में किया जख्मी, पांच और निशाने पर

Mafia Atiq Ahmad : प्रयागराज में हुए उमेशपाल हत्याकांड के बाद पुलिस माफिया अतीक अहमद के गुर्गों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को अतीक अहमद के करीबी शूटर के साथ बांदा में पुलिस की मुठभेड़ हुई।

2 min read
Google source verification
Mafia Atiq Ahmad close friend got injured in encounter

एनकाउंटर में घायल वहीद को ले जाती पुलिस।

प्रयागराज में 24 फरवरी को हुए उमेशपाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस माफिया अतीक अहमद के गुर्गों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। माफिया अतीक अहमद इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद हैं। हत्या के बाद पुलिस ने अतीक की पत्नी-बेटे समेत उसके गुर्गों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

गुड्डू मुस्लिम से जेल में मिलने जाता था वहीद
पुलिस अधीक्षक अभिनदंन ने बताया "वहीद पर 50 हजार का इनाम था। वहीद उमेश पाल हत्याकांड में एनकाउंटर में मारे गए अरबाज का फूफा है। शूटर गुड्डू मुस्लिम जब बांदा जेल में बंद था, तब वहीद उससे मुलाकात करने जाता था। वहीद पर बांदा में भी कई मामले दर्ज हैं। साथ ही वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल था।"

भूरागढ़ में पुलिस देखते ही शुरू की फायरिंग
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने भूरागढ़ में छापेमारी की। यहां पुलिस की घेराबंदी देख शूटर वहीद अहमद ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली 50 हजार के इनामी वहीद के पैर में लगी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सात में से अब तक दो शूटर मारे गए, पांच की तलाश
उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने सात शूटरों को नामजद किया था। इनमें से पुलिस ने अब तक दो का एनकाउंटर कर दिया है। जबकि पांच अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है। इनपर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 5-5 लाख रुपए कर दी है। इनके अलावा अतीक अहमद, उसका भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन और उसके बेटे समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। अतीक अहमद अहमदाबाद और अशरफ बरेली जेल में बंद है। अतीक के बेटे हत्याकांड के बाद से फरार हैं।

अब जानते हैं कौन हैं फरार चल रहे पांच आरोपी


अतीक का बेटा असद: माफिया अतीक का बेटा असद उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। असद सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करता दिखा था। इसपर इनाम बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है।

बमबाज शूटर गुड्डू मुस्लिम: उमेश की हत्या के दौरान गुड्डू मुस्लिम बम फेंक रहा था। लाला का सराय निवासी गुड्डू मुस्लिम पर 20 मुकदमे दर्ज हैं। 2005 में राजू पाल मर्डर केस में वह आरोपी भी था। बम बनाने और फेंकने का एक्सपर्ट है।

शूटर गुलाम: गुलाम टोपी पहनकर पिस्टल से उमेश पाल पर फायरिंग करता साफ दिख रहा है। गुलाम पर शिवकुटी के मेंहदौरी निवासी गुलाम पुत्र मकसूदन के खिलाफ शिवकुटी में जानलेवा हमला और धूमनगंज में उमेश पाल की हत्या का केस दर्ज है।

शूटर साबिर: सल्लाहपुर पूरामुफ्ती का रहने वाले साबिर ने उमेश पाल पर राइफल से गोलियां चलाई थी। साबिर एनकाउंटर में मारे गए अरबाज के गांव का रहने वाला है।

शूटर अरमान: गया, बिहार का रहने वाला अरमान सिविल लाइंस में रहता था। वह उमेश पाल और गनर पर पिस्टल से फायरिंग कर रहा था। यह सभी आरोपी अभी तक फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।