5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar: एक नल कनेक्शन के लिए बुलानी पड़ी भारी पुलिस फोर्स

अलवर शहर के लाल डिग्गी चौराहे के पास स्थित हरदेव कॉलोनी में मंगलवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां महज एक घर का नल कनेक्शन जोड़ने के लिए भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा।

2 min read
Google source verification

मौके पर मौजूद पुलिस जाब्ता (फोटो - पत्रिका)

अलवर शहर के लाल डिग्गी चौराहे के पास स्थित हरदेव कॉलोनी में मंगलवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां महज एक घर का नल कनेक्शन जोड़ने के लिए भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। पिछले एक साल से लटका यह मामला मोहल्लेवासियों के कड़े विरोध के कारण प्रशासनिक जंग बन चुका था, जिसे अंततः जिला कलेक्टर के दखल के बाद सुलझाया गया।

भारी जाब्ते के बीच काटी गई सड़क

हरदेव कॉलोनी में नल कनेक्शन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि पुलिस की मौजूदगी में पहले सड़क काटी गई और फिर पाइप लाइन डालकर कनेक्शन जोड़ा गया। जलदाय विभाग के अनुसार, मोहल्ले के लोग इस कनेक्शन का लंबे समय से विरोध कर रहे थे, जिसके कारण विभाग चाहकर भी काम नहीं कर पा रहा था। मंगलवार दोपहर जब पुलिस की गाड़ियां कॉलोनी में पहुंचीं, तो इलाके में हड़कंप मच गया।

पीड़ित परिवार की दास्तां: 'एक साल से बूंद-बूंद को तरसे'

पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके घर में पिछले एक साल से पानी की सप्लाई बंद थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मोहल्ले में सड़क का निर्माण हुआ था, तभी उनके घर की पाइप लाइन तोड़ दी गई थी। जलदाय विभाग के चक्कर काटे और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। पानी न होने के कारण पूरा परिवार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान था।

मोहल्लेवासियों का विरोध: 'अवैध कनेक्शन को दिया जा रहा बढ़ावा'

दूसरी तरफ, कॉलोनी के लोगों ने जलदाय विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि मई 2025 में जब सड़क बनी थी, तब विभाग ने 29 अवैध कनेक्शन काटे थे, जिनमें इस घर का कनेक्शन भी शामिल था। आरोप है कि अब प्रशासन और नेताओं के दबाव में आकर इस अवैध कनेक्शन को दोबारा जोड़ा गया है। मोहल्ले वालों का कहना है कि जलदाय विभाग ने खुद ही पाइप काटी थी और अब दबाव में काम कर रहा है।

विभाग की सफाई: 'पुरानी लाइन को ही जोड़ा गया'

जलदाय विभाग के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान पुराना कनेक्शन कट गया था। विभाग ने पहले भी इसे जोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन स्थानीय लोगों के भारी विरोध के कारण सफलता नहीं मिली। आखिरकार मामला जिला कलेक्टर के पास पहुंचा, जिनके स्पष्ट आदेश के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी की गई। फिलहाल, पुलिस की मौजूदगी में कनेक्शन तो जुड़ गया है। लेकिन कॉलोनी में तनाव का माहौल बरकरार है। मोहल्ले के लोग इसे प्रशासनिक तानाशाही बता रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार ने एक साल बाद पानी मिलने पर राहत की सांस ली है।