नए साल में अलवर विकास के नए सौपान तय करेगा। यूआईटी की ओर से अलवर शहर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर में ई- लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा।
अलवर. नए साल में अलवर विकास के नए सौपान तय करेगा। यूआईटी की ओर से अलवर शहर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर में ई- लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। वहीं इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंच के दोनों ओर आधुनिक पोर्च तैयार कराए जाएंगे। मोती डूंगरी पर सौंदर्यीकरण कार्य होंगे तथा नेहरू गार्डन में आधुनिक पिंक टॉयलट सहित अनेक कार्य कराए जाएंगे। ये कार्य यूआईटी की ओर से स्वीकृत किए जा चुके हैं और जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे।अलवर को नया लुक देने के लिए यूआईटी सहित विभिन्न विभागों की ओर से कई नए प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। इन प्रोजेक्ट के धरातल पर आने से विद्यार्थियों, महिलाओं, खिलाडि़यों सहित शहरवासियों को लाभ मिल सकेगा।
ई लाइब्रेरी में मिलेगी अध्ययन की सुविधा
शहर के मोतीडूंगरी के पास पुस्तकालय में यूआईटी की ओर से ई लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यह लाइब्रेरी आधुनिक होगी और इसमें इंटरनेट सहित अध्ययन की अन्य सुविधाएं रहेंगी। सामान्य विद्यार्थियों को यहां सभी प्रकार की अध्ययन सुविधा मिल सकेगी। वहीं नेत्रहीनों के लिए ब्रेन लिपि सहित अन्य अध्ययन सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यह लाइब्रेरी पूरी तरह एयरकंडीनर्स होगी, जिससे गर्मी में युवाओं को अध्ययन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। यूआईटी की ओर से ई लाइब्रेरी का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। इस पर 20 लाख 50 हजार की राशि व्यय होगी।
स्टेडियम में मंच के दोनों ओर बनेंगे पोर्च
यूआईटी की ओर से इंदिरा गांधी स्टेडियम को नया लुक दिया जाएगा। यहां मंच के दोनों ओर आधुनिक पोर्च का निर्माण कराया जाएगा। पोर्च के निर्माण के बाद स्टेडियम का लुक किसी बड़े शहर के स्टेडियम जैसा दिखाई देगा। पोर्च निर्माण पर 20 लाख 50 हजार रुपए व्यय किए जाएंगे।
नेहरू गार्डन में बनेगा पिंक टॉयलट
नेहरू गार्डन में आधुनिक तरीके का पिंक टॉयलट का निर्माण कराया जाएगा। यह टाॅयलट बड़ी शहरों की तर्ज पर बनाया जाएगा। इसमें विशेष प्रकार की टाइल्स का उपयोग किया जाएगा। अलवर के पार्कों में महिलाओं के लिए टॉयलट की कमी लंबे समय से खलती रही है। नेहरू गार्डन शहर के मध्य िस्थत है और यहां बड़ी संख्या में महिला, बच्चे व पुरुष घूमने के लिए आते हैं। महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए यहां पिंक टॉयलट का यूआईटी की ओर से निर्माण कराया जाएगा।
मोती डूंगरी पर सात करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य
मोती डूंगरी का सौंदर्यीकरण कर इसे शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यूआईटी की ओर से मोती डूंगरी पर 764 लाख की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां के हैरिटेज लुक को बरकरार रख विकास कार्य कराए जाएंगे। मोती डूंगरी की चोटी के चारों ओर पेड़ पौधे लगाने, लॉन बनाने, बैठने की व्यवस्था सहित अनेक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जयसमंद की पाल का होगा सौंदर्यीकरण
जयसमंद बांध की पाल का सिलीसेढ़ की तर्ज पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यूआईटी की ओर से इस कार्य के लिए 75 लाख की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। यहां पाल पर फूलों व अन्य सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। यहां तक पहुंचने वाली रोड का निर्माण कराया जाएगा। छतरियों का पेंट व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पाल पर पार्क विकसित कर बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां रेस्ट हाउस की मरम्मत का कार्य सिंचाई विभाग की ओर से कराया जाना है।
शहर में नए विकास कार्य जल्द होंगे शुरू
यूआईटी की ओर से शहर में ई लाइब्रेरी, स्टेडियम में पोर्च, नेहरू गार्डन में पिंक टायलट, मोती डूूंगरी के सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य जल्द शुरू कराए जाएंगे।
कुमार संभव अवस्थीअधिशासी अभियंता, यूआईटी अलवर
नए साल में विकास कार्यों को मिलेगा गति
नए साल में अलवर में अनेक नए विकास कार्य कराए जाएंगे। यूआईटी की ओर से कई विकास कार्यों के प्रोजेक्ट जल्द ही धरातल पर लाए जाएंगे।
जितेन्द्र कुमार सोनी
जिला कलक्टर अलवर