
अलवर में ग्रेप थ्री, फिर क्यूं नहीं रुक रहे निर्माण कार्य
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए अलवर सहित पूरे एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से लागू ग्रेप थ्री की पाबंदियाें की कुछ हद तक पालना हुई, जिससे अलवर का एक्यूआई 150 पर आ गया, लेकिन अभी निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। हालांकि ग्रेप थ्री की पाबंदियां लागू कराने वाले विभागों का दावा सख्त कार्रवाई करने का है।
एनसीआर में शामिल अलवर, खैरथल- तिजारा तथा कोटपूतली- बहरोड़ जिलों की आबोहवा में सुधार के लिए प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से विभिन्न विभागों को ग्रेप थ्री के निर्देशों की पालना नहीं करने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रेप थ्री में रेलवे सेवाएं, मेट्रो रेल, एयरपोर्ट एवं बस टर्मिनल, राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित गतिविधियां, चिकित्सा सेवाएं, सार्वजनिक परियोजना राजमार्ग, सड़कें, फ्लायओवर, पावर ट्रांसमिशन गतिविधियां, स्वच्छता परियोजना से सम्बिन्धत गतिविधियाें को छूट दी गई है। इनमें निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए उपाय करने के निर्देश हैं। लेकिन अनुमत कार्यों के अलावा भी कई अन्य निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। शहर में अनेक स्थानों पर सरकारी व गैर सरकारी निर्माण कार्य चलते दिखाई पड़ते हैं। इन स्थानों पर धूल के कणों को उड़ने से रोकने के उपाय भी दिखाई नहीं पड़ते।
अब तक यह कार्रवाई करने का दावा
ग्रेप थ्री लागू होने के बाद विभिन्न विभागों की ओर से कार्रवाई करने के दावे किए गए हैं। इनमें अलवर रीको की टीम की ओर से निरीक्षण करने, पीडब्ल्यूडी की 5 टीमों की ओर से 59 जांच करने, नगर निगम की ओर से 78 ऑटो टिपर व 28 ट्रैक्टर ट्रॉली से सोलिड वेस्ट उठवाने, रीको नीमराणा की ओर से 21 जांच करने तथा नियमों की अवहेलना पर तीन लोगों पर कार्रवाई कर 15 हजार की पेनल्टी लगाने, घीलोठ में 143 जांच कर 65 हजार की पेनल्टी लगाने, रीको अलवर की ओर से 88 हजार की पेनल्टी लगाने, अलवर जिला परिवहन विभाग की ओर से 8 वाहनों पर 10 हजार का जुर्माना, वहीं 51 वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट की जांच कर 52 हजार का जुर्माना, कोटपूतली- बहरोड़ जिले में प्रदूषण फैलाने वाले 268 वाहन पकड़ने की कार्रवाई करने का दावा किया है। वहीं पीडब्ल्यूडी की ओर से एंटी स्मॉग गन व पानी के टैंकर के संचालन का दावा किया गया है। इसके अलावा खनन कार्य, ईंट भट्टे, क्रशर आदि भी बंद कराने का दावा किया गया है। विभाग की ओर से 66 स्थानों पर जांच कर 16 के खिलाफ कार्रवाई करने तथा एक क्रशर बंद कराने की कार्रवाई की गई।
कहीं निर्माण कार्य जारी, कई जगह खुली पड़ी सामग्री
अलवर जिले में ग्रेप थ्री लागू होने के बाद भी कई जगह निर्बाध रूप से निर्माण कार्य जारी हैं। इनमें सरकारी एवं निजी लोगों की ओर से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं कई जगह निर्माण सामग्री खुले में पड़ी है, जो हवा के साथ उड़कर हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रही है।
सभी विभागों को किए निर्देश जारी
अलवर जिले में ग्रेप थ्री लागू होने के साथ ही नियमों की पालना कराने के लिए निर्देश जार कर दिए गए थे। सभी विभागों से नियमित कार्रवाई की रिपोर्ट भी ली जा रही है।
दीपेन्द्र झरवाल
क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण मंडल अलवर
Published on:
27 Dec 2023, 11:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.