पुराना रामाश्रय वार्ड भी किया शुरू, मरीजों को मिलेगी राहत
अलवर. जिला अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज के लिए आने वाली महिलाओं को अब ईसीजी के दौरान शर्मसार नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए सोमवार को इमरजेंसी में ईसीजी के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। इससे पहले इमरजेंसी में आने वाली महिलाओं की गैलरी में ही खुलेआम ईसीजी कराई जा रही थी। महिलाओं के आत्मसम्मान से जुड़े इस मुद्दे को लेकर पत्रिका के रविवार के अंक में ‘इमरजेंसी के मरीजों की खुले में कर रहे ईसीजी, महिलाएं हो रही शर्मसार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रमुखता से उठाया गया था। इस खबर के प्रकाशित होते ही रविवार को ही कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। इसके अगले दिन सोमवार को अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में इमरजेंसी के मरीजों की ईसीजी के लिए अलग से कक्ष शुरू कर दिया है।