
सेल टैक्स विभाग के ऑनलाइन खाते से धोखाधड़ी कर 56 लाख 21 हजार 254 रुपए निकालने के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर निकाली गई राशि भी बरामद कर ली है। मामले में शिवाजी पार्क थाना पुलिस सोमवार को भरतपुर पहुंची और आरोपितों के घर से राशि बरामद की। उधर, पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शिवाजी पार्क थाना प्रभारी विनोद सामरिया ने बताया कि मामले में सेल टैक्स विभाग के सहायक आयुक्त विशेष वृत्त अलवर बाबूलाल पुत्र टुण्डाराम मीणा ने 22 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों के खाते में जमा 32 लाख 77 हजार 331.21 रुपए को कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भरतपुर की प्रताप कॉलोनी निवासी इमरान (27) पुत्र मेहमूद खां तथा छाजूसिंह की गली अशोका टॉकीज अलवर निवासी हिमांशु सोनी (27) पुत्र चन्द्रप्रकाश सोनी को गिरफ्तार किया। सोमवार को पुलिस भरतपुर पहुंची और आरोपितों की निशानदेही पर करीब 19 लाख 62 हजार रुपए बरामद किए।
पहली मंजिल के कमरे में रखे थे रुपए
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित इमरान ने सेल टैक्स विभाग के खाते से निकाले रुपयों में से करीब 18 लाख रुपए सॉफ्टवेयर इंजीनियर नीरज सोनी को दे दिए। जिन्हें पुलिस जब्त कर अलवर लाई। शेष रकम में से 1 लाख 62 हजार रुपए पुलिस ने इमरान के घर की प्रथम मंजिल पर बने कमरे की आलमारी से बरामद किए। इमरान ने शेष रकम घूमने-फिरने व मौज-मस्ती में उड़ा दी। करीब सवा माह बाद पुलिस ने उसे दबोच शेष रकम बरामद की। सॉफ्टवेयर इंजीनियर नीरज सोनी शिवाजी पार्क थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार छाजूसिंह की गली अशोका टॉकीज अलवर निवासी हिमांशु सोनी का जीजा है। सेल टैक्स विभाग के खाते से 56 लाख रुपए पार होने पर अब साइबर सुरक्षा पर भी सवाल उठे हैं, इनती आसानी से लाखों रुपए पार होना कोई आम बात नहीं है, आरोपितों से पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं।
Published on:
7 Feb 2018, 9:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.