अलवर. मुस्लिम समाज की ओर से शनिवार को अलवर में मोहर्रम पर ताजिए निकाले गए। ताजियों को शाम को जेल का चौराहा स्थित कर्बला मैदान में सुपुर्द ए खाक किया गया। ताजिए का जुलूस रोड नंबर दो मेव बोर्डिंग से दोपहर को रवाना हुआ। जुलूस में दो ताजिए शामिल थे। बारिश के चलते ताजिए का जुलूस समय से पहले ही रवाना कर दिया गया। इस दौरान मेव समाज के लोग मौजूद रहे। नंगली मोहल्ला में बनाए गए ताजिए को शनिवार को सुबह मेव बोर्डिंग में लाया गया।
ताजिए का जुलूस रोड नंबर दो से भगत सिंह चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जेल का चौराहा होते हुए कर्बला मैदान पर पहुंचा। जुलूस में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग वाहनों में सवार होकर आए। ताजिए के जुलूस के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग चल रहे थे। मातमी धुन पर ताजिए के आगे पैंक चल रहे थे। ताजिए के पीछे मुस्लिम समाज की महिलाएं चल रही थी। मेव बोर्डिंग से लेकर भगत सिंह चौराहा, अंबेडकर चौराहा तक भारी भीड़ रही। सडक़ों के दोनों तरफ लोग ताजिए का जुलूस देखने खड़े थे। ताजिए के जुलूस के दौरान पुलिस के पुख्ता इंतजाम थे, पुलिसकर्मी गाडिय़ों के साथ पैदल चल रहे थे।
जुलूस मार्ग में बने जाम के हालात
ताजिए के जुलूस के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए भगत सिंह चौराहा से दोपहिया वाहनों का प्रवेश बंद किया गया। भीड़ अधिक होने के कारण रास्ते में कई जगहों पर जाम के हालात बने रहे। ऐसे में लोग दोपहिया वाहनों को गलियों में से निकाल आते- जाते दिखे। इससे गलियों में भी जाम लग गया।
बच्चों ने खरीदे खिलौने
ग्रामीण क्षेत्रों से आए महिलाएं और बच्चों ने ताजिए के जुलूस के दौरान खूब खरीदारी की। बच्चों को प्लास्टिक के खिलोने पसंद आए। जुलूस में मीठे पानी, शर्बत,शिकंजी का वितरण भी किया गया।