जमा देने वाली सर्दी का सितम शुरू हो गया है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से रात व सुबह के वक्त हाड़ कंपाने वाली ठंड का असर बना हुआ है। रात की ठंड के कारण खेत खलिहान में ओस की बूंदे जमने लगी है। हालांकि अभी कोहरे का असर कम होने से किसानों के पेशानी पर चिंता की लकीरें नजर आने लगी है।
उधर, दिन में खिल रही धूप से लोगों को हल्का सुकून मिल रहा है। मौसम विभाग ने 17 दिसंबर से एक बार फिर शीतलहर का असर बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में दिसंबर में सर्दी के तेवर तीखे बने रहेंगे। अलवर शहर में भी सर्दी के तेवर तीखे बने हुए हैं।
इसी के चलते यहां भी रात में पड़ने वाली ओस सुबह तक जम गई। सुबह सूर्यदेव के दर्शन देरी से हो रहे हैं तो सांझ भी जल्द हो रही है। इसके चलते दोपहर में खिल रही धूप ही लोगों को सुकून दे रही है। लोग छत और सार्वजनिक पार्कों में धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 6 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।