लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम रजपुरी कला में कांग्रेस कार्यकर्ता व आदतन बदमाश ताराचंद्र राजवाड़े अपने महिंद्रा जाइलो वाहन से सोमवार की दोपहर लगभग 3 बजे के अपने 8-10 साथियों के साथ गांव के उपसरपंच व भाजपा कार्यकर्ता चंद्रप्रकाश सिंह के घर पहुंचा। यहां आरोपी जबरन उपसरपंच के घर घुस गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
तोड़ दिया कार का शीशा
उपसरपंच के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता नीरज सोनी के घर पहुंचे। यहां आरोपियों ने ईंट-पत्थर बरसाए और जबरन दरवाजा खुलवाकर नीरज व उसके भाई गप्पू के साथ मारपीट की। आरोपी यहीं नहीं रूके उन्होंने नीरज के कार में भी जमकर तोडफ़ोड़ की।
भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामूली धारा लगाए जाने से गांव में काफी आक्रोश है। भारतीय जनता पार्टी मंडल लखनपुर द्वारा मामले में आरोपियों के खिलाफ और धारा जोडऩे सहित गिरफ्तारी की मांग 6 दिवस के अंदर की गई है। अगर ऐसा नहीं होता है तो थाना घेराव व उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।