राष्ट्रीय

मानसून का असर बरकरार: 7, 8, 9, 10, 11 और 12 जुलाई को इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, भारी बारिश का अलर्ट

मानसून अपना असर दिखा रहा है और मौसम विभाग के अनुसार इसका असर ऐसे ही जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7-12 जुलाई के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी।

2 min read
Jul 07, 2025
Heavy rain alert (Photo - ANI)

मानसून (Monsoon) का असर देशभर के लगभग सभी राज्यों में देखने को मिल रहा है। कहीं ज़्यादा, तो कहीं कम बारिश हो रही है, लेकिन देशभर के लगभग सभी राज्यों में बादल बरस रहे हैं। हालांकि भारी बारिश अब कई राज्यों में लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। कुछ जगह कम बारिश की वजह से तापमान में कोई गिरावट नहीं आई है, जिससे लोगों को गर्मी की वजह से परेशानी हो रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department – IMD) के अनुसार फिलहाल मानसून का असर ऐसे ही जारी रहेगा। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी (Heavy Rain Warning) देते हुए बताया कि 7-12 जुलाई के दौरान कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में 7-12 जुलाई के दौरान भारी बारिश हो सकती है। सबसे ज़्यादा बारिश 9 जुलाई को हो सकती है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में अगले 6 दिन में तेज़ हवाएं, आंधी और बिजली का भी अनुमान है।


राजधानी में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 दिन राजधानी दिल्ली में भी आंधी के साथ हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।


उत्तरपश्चिम भारत में बरसते रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरप्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में कई स्थानों पर अगले 6 दिन जमकर बादल बरसेंगे। इस दौरान गरज के साथ भारी बारिश होगी।


दक्षिण भारत में तेज़ हवाओं और बिजली के साथ बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने 7-8 जुलाई के दौरान तमिलनाडु, यनम, केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और लक्षद्वीप में कई स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 9-12 जुलाई के दौरान इन राज्यों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।


पूर्वोत्तर भारत में आंधी के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले 6 दिन अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जगह हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चलने के भी आसार हैं।


पूर्व और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम का मिज़ाज?

छत्तीसगढ़, बिहार, विदर्भ, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मानसून का असर बरकरार रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7, 8, 9, 10, 11 और 12 जुलाई को इन राज्यों में कई स्थाओं पर भारी और कई स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।


पश्चिमी भारत में भी जमकर बरसेंगे बादल

पश्चिमी भारत में महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, कोंकण और सौराष्ट्र में अगले 6 दिन जमकर बादल बरसेंगे। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में कई जगह भारी बारिश होगी और इस दौरान आंधी के साथ बिजली भी गिरेगी।

Also Read
View All

अगली खबर