राष्ट्रीय

IMD Rain Alert: राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तराखंड सहित इन राज्यों में अगले 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी

Heavy Rain Alert: आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक देश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

2 min read
Jul 08, 2025
Heavy Rainfall Warning Issued (Photo - ANI)

IMD Heavy Rain Warning: देश के सभी राज्यों में मानसून की झमाझम बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश के कारण कुछ राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 जुलाई से 13 जुलाई 2025 तक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मध्य भारत, पूर्वी भारत, उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे किसानों और आम नागरिकों को राहत और सतर्कता दोनों की आवश्यकता होगी। वहीं, कुछ राज्यों में गर्मी और नमी का असर भी देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें

अगले 7 दिन जमकर बरसेंगे बादल, इन राज्यों में बिजली के साथ भारी बारिश की चेतावनी

पूर्व और मध्य भारत में कहां-कहां होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 8 से 13 जुलाई तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 8 से 10 जुलाई, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9, 12 और 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं, ओडिशा में 8 जुलाई, विदर्भ में 8 और 9 जुलाई और छत्तीसगढ़ में 8 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश की संभावना

उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में 8 से 13 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिम राजस्थान में 8 और 9 जुलाई को बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में 8 से 10 जुलाई तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में अगले 7 दिन भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। गुजरात, मराठवाड़ा में 8 और 9 जुलाई, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में 12 और 13 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पूर्व भारत में भी अलर्ट

असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 से 13 जुलाई तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 11 से 13 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में कहां-कहां बरसेंगे बादल

कोस्टल कर्नाटक, केरल और माहे में 8 से 13 जुलाई तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना में 8 और 9 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, अगले 5 दिन दक्षिण भारत में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 और 9 जुलाई को गर्म और नम मौसम बना रह सकता है।

कहां कितनी बारिश हुई

7 जुलाई को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गंगीय पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, केरल, माहे और कोस्टल कर्नाटक में अधिकांश जगहों पर बारिश दर्ज की गई। पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में भी कई जगह बारिश हुई।

Updated on:
08 Jul 2025 11:52 am
Published on:
08 Jul 2025 10:14 am
Also Read
View All

अगली खबर