
मैदुगिरीः इस्लामिक चरमपंथी संगठन बोकोहराम अपहृत 111 लड़कियों में से एक और लड़की को रिहा करेगा। ये जानकारी नाइजीरिया की पुलिस ने दी है। महानिरीक्षक मोहम्मद अबूबकर ने कहा कि अभी यह तय नही हुआ है कि बोकोहराम कब लड़की को रिहा करेगा लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही अपहृत लड़कियों में एक को वह मुक्त कर देगा। अबूबकर ने बताया कि चरमपंथियों के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस की मौजूदगी से लड़कियों की रिहाई की उम्मीदों को झटका लगेगा इसलिए वहां पर भारी संख्या में पुलिस को तैनात नहीं किया जा रहा है।
पिछले महीने 111 लड़कियां हुई थीं अगवा
बोकोहराम के चरमपंथियों ने नाइजीरिया से पिछले महीने 111 लड़कियों को अगवा किया था। बताया जा रहा है कि दापची गांव से अपहृत इन लड़कियों में 105 को हाल में ही बोकोहराम ने रिहा कर दिया था। अपहृत लड़की लीह शरीबू की मां ने बताया कि चरमपंथियों ने इन लड़कियों से इस्लाम कबूल करने का दबाव डाला था। लेकिन लीह ने इस्लाम कबूल करने से इनकार कर दिया था। इसकी वजह से चरमपंथियों ने उसे बंदी बनाकर रखा था। अपहृत लड़कियों में से पांच का अभी तक तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि बोकोहराम के चंगुल से भागने की कोशिश में ये लड़कियां मारी जा चुकी हो सकती हैं।
लीह शरीबू के पिता ने जताई खुशी
चरमपंथियों के चंगुल में फंसी लड़की के पिता नाथन शरीबू ने बताया कि उन्होंने लीह जल्द रिहा होने खबर सुनी है। नाथन ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी बेटी जल्द ही बोकोहराम के चरमपंथियों के चंगुल से रिहा होने जा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही नाइजीरिया की सरकार ने दावा किया था कि दापची कस्बे से अपहरण की गई ज़्यादातर लड़कियां अपने-अपने घर वापस लौट आई हैं। सरकार की तरह से कहा गया था कि चरमपंथियों ने उनकी बातें मान ली है जिसकी वजह से उन पर सैनिक कार्रवाई नहीं फिलहाल नहीं की जा रही है।