बजट को ध्यान में रखकर करें खरीदारी, इम्पार्टेंट सामान की तैयार कर लें लिस्ट
सतना. फेस्टिव सीजन नजदीक है। एेसे में लोग शॉपिंग की फिराक में हैं। खासकर महिलाएं। क्योंकि घर, परिवार, बच्चों की पूरी जिम्मेदारी उन पर ही होती है। देखा जाए तो शॉपिंग महिलाओं का शौक होता है। लेकिन, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि शॉपिंग जरूरत भी होती है, क्योंकि बात सिर्फ शौक की नहीं है बल्कि घर की जरूरतों का सामान खरीदने की भी है। ऐसे में जब कभी आप शॉपिंग पर जाते हैं और बिना योजना के निकल पड़ते हैं तो कई सारी गलतियां हो जाती हैं। जरूरी सामान छूट जाता है और बेवजह सामान खरीद लिया जाता है। परिणाम होता है ओवर बजटिंग। यदि आप शॉपिंग पर जा रहे हैं तो बजट में शॉपिंग कर लौट आना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए जरूरी है कि खरीदारी करने में थोड़ी समझदारी दिखाएं। कुछ टिप्स अपना कर आप इस फेस्टिवल में शॉपिंग करेंगे तो बजट भी नहीं बिगडेग़ा और आपकी जरूरत की शॉपिंग भी हो जाएगी।
बहकाबे में न आएं
एक्सपर्ट का कहना है, आप जिन चीजों का विज्ञापन टीवी-अखबारों में देखते हैं जरूरी नहीं कि वे सस्ती ही हो। आप उन चीजों पर भी नजर डालें और उन्हें खरीदें जिनके विज्ञापन नहीं दिए जाते। क्योंकि कई लोकल ब्रांड के भी प्रोडक्ट काफी यूजफुल और सस्ते होते हैं।
पहले ही कर लें शॉपिंग
घर पर रखा सामान खत्म होने की सीमा पर हो, उससे पहले ही बाजार से उसकी खरीदारी करें। ऐसा करने पर आप उस चीज को आराम से सोच-विचार कर कम कीमत पर या विशेष छूट के साथ खरीदी कर सकती हैं। अन्यथा उसकी बहुत ज्यादा जरूरत महसूस होने पर आप अधिक कीमत पर भी उसे खरीदने को मजबूर होंगे। एक्सपर्ट का कहना है कि खरीदारी के समय अक्सर भावनाएं भी हावी हो जाती हैं। यह सामान मुझे लेना ही है या यह मेरे लिए ही बना है जैसी मानसिकता से बचें।
क्रेडिट या डेबिट कार्ड लेकर न जाए
जब भी आप शॉपिंग के लिए जाएं तो अपने साथ डेबिट और क्रेडिट कार्ड लेकर न जाएं। इससे भी आप बेकार की खरीदारी से बच सकेंगे।
अकेले ही बाजार जाएं
शॉपिंग के दौरान आप अकेले ही शॉपिंग के लिए जाएं, क्योंकि साथ वाला व्यक्ति सिर्फ आपका शॉपिंग बैग भरने में ही आपकी मदद करेगा जो चीज आपको पसंद न भी हो तो दूसरे के कहने पर लेने की नौबत आ सकती है। हो सकता है कि वह आपकी बजट से बाहर हो। ऐसे में दूसरों की उपस्थिति आपको सही निर्णय लेने में हिचकिचाहट पैदा कर सकती है।
बच्चों को घर छोड़कर जाएं
बच्चों की भी बाजार ले जाने से बचें। जहां जाते हैं वहां सामान देखकर उसे खरीदने की जिद करने लगते हैं। ऐसे में आप जरूरी सामान खरीद नहीं पाते और बच्चे की जिद पूरी करने में लग जाते हैं। दूसरा बच्चे आपको शांति से सामान देखने नहीं देते। ऐसे में कई बार गलत सामान भी घर में आ सकता है। जहां तक हो सके बच्चों को लेकर खरीदारी करने मत जाएं।
कीमत पर नजर रखें
बाजार में आपके सामने कोई सामान बिक जाए तो वह कितने में बिका, इसकी जानकारी जरूर रखें। फि र अपनी लिस्ट से उसे मिला लें। इससे आपको उसकी सही कीमत का अंदाजा लगाने में आसानी होगी। अक्सर आप किसी भी प्रोडक्ट की खूबसूरती और फैंसी पैकिंग को देखकर ज्यादा कीमत देने के लिए तैयार हो जाते हैं। इस तरह की गलतियों से बचें।
लिस्ट लेकर जाएं
अक्सर ऐसा होता है कि जब हम पूरी तैयारी न कर सामान की खरीदारी करने जाते हैं तो गैर जरूरी चीजें उठा कर लाते हैं। यदि आप सामान की लिस्ट पहले से तैयार करके जाते हैं तो आप वह चीजें खरीदेंगे, जिसको आपकी जरूरत है। खरीदारी के समय यदि संभव हो तो स्टैंडर्ड या कॉमन प्रोडक्ट्स को ही खरीदें। यह भी देख लें कि आपको क्या सूट करता है। आज के समय में ज्यादातर ब्रांडेड चीजें लेना ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन हर बार वह अच्छे हो, यह जरूरी नहीं है। कुछ चीजों के लिए कॉमन ब्रांड्स भी विचार करें।